आतिशी की कालकाजी सीट पर किसका पलड़ा भारी? BJP के लिए क्या बिधूड़ी करेंगे कोई करिश्मा- जानें क्या कहते हैं आंकड़े

Kalkaji Assembly Constituency: कालकाजी विधानसभा सीट दिल्ली की हाईप्रोफाइल सीटों में से एक है. यहां से आतिशी चुनाव लड़ रही हैं. आतिशी का सामना बीजेपी के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अल्का लांबा से होगा.

Published date india.com Published: January 9, 2025 12:25 PM IST
Kalkaji Assembly Constituency
Kalkaji Assembly Constituency

Kalkaji Assembly Constituency: देश की राजधानी दिल्ली में चुनाव का बिगुल बज चुका है. दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और नतीजे 8 को आएंगे. चुनावी सरगर्मियों के बीच सभी पार्टियों ने जोर शोर से अपनी तैयारी शुरू कर दी है. 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में कालकाजी सबसे हॉट सीटों में से एक है. दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) यहां से चुनाव लड़ रही हैं. आतिशी का इस सीट पर मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अल्का लांबा (Alka Lamba) से है. भाजपा यहां बीते 30 साल से जीत की तलाश में है. देखना होगा कि इस बार रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) क्या बीजेपी के लिए कोई चमत्कार कर पाएंगे?

क्या कमल खिला पाएंगे बिधूड़ी

कालकाजी विधानसभा सीट पर BJP बीते 3 दशक से जीत दर्ज नहीं कर पाई है. इस बार BJP ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी पर भरोसा जताया है. रमेश बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली से लोकसभा सांसद रह चुके हैं. टिकट मिलने के बाद बिधूड़ी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा था, ‘मुझे मां कालका ने यहां पर बुलाया है, 10 साल में आम आदमी पार्टी की सरकार ने कालकाजी विधानसभा को नर्क बना दिया. जनता इस बार यहां से भाजपा को जीत दिलाएगी और इस सीट पर कमल खिलेगा.’

AAP का तीसरी बार जीत का दावा

हालांकि, वह अपने एक बयान को लेकर विवादों में हैं. रमेश बिधूड़ी ने लोकसभा से सांसद प्रियंका गांधी को लेकर एक विवादित टिप्पणी की. रमेश ने कहा, ‘प्रियंका गांधी के गाल की तरह यहां की सड़कें बना देंगे.’ जब कांग्रेस-आप और खुद की पार्टी ने उनके बयान से असहमति जताई तो उन्होंने बयान के लिए खेद भी जताया. बहरहाल, इस सीट पर आम आदमी पार्टी ने 2015 और 2020 में जीत हासिल की है. आम आदमी पार्टी तीसरी बार इस सीट पर जीत हासिल करने का दावा कर रही है. इस सीट पर मुख्यमंत्री आतिशी चुनाव लड़ रही हैं. आतिशी यहां से 2020 में चुनाव जीती थीं.

त्रिकोणीय है मुकाबला

इस सीट पर 15 साल तक अपना दबदबा रखने वाली कांग्रेस भी जीत का दावा कर रही है. बीते तीन चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा. कांग्रेस ने इस बार यहां से अलका लांबा को टिकट दिया है. तीनों पार्टी के उम्मीदवार मजबूत माने जा रहे हैं. कहा जा रहा है कि इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय होगा. इतिहास की बात करें तो साल 1993 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर जीत हासिल की थी. भाजपा की पूर्णिमा सेठी जीती थीं। इसके बाद भाजपा इस सीट पर कभी कमल नहीं खिला पाई है. 1998, 2003 और 2008 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का परचम लहराया था. 2013 में यह सीट शिरोमणि अकाली दल के खाते में गई. 2015 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की. वहीं, 2020 में आम आदमी पार्टी ने दूसरी बार लगातार इस सीट पर जीत हासिल की.

क्या हैं अहम मुद्दे?

कालकाजी विधानसभा में टूटी, सड़कें, गंदा पानी, सीवर और बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या जटिल हो जाती है. इसके अलावा आवारा पशुओं की वजह से भी यहां पर लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानी होती है. ट्रैफिक जाम की समस्या से भी लोगों को जूझना पड़ता है. फुटपाथों पर अतिक्रमण हो रखा है. जिससे पैदल चलने वाले राहगीरों को परेशानी होती है.

किस समुदाय के कितने वोटर्स?

इस विधानसभा में सिख समुदाय, ओबीसी, वैश्य, गुर्जर, एससी, मुस्लिम बिरादरी के वोटर्स अच्छे खासे हैं. करीब 27 फीसदी सिख हैं. ब्राह्मण 9 प्रतिशत तो मुस्लिम 7 फीसदी हैं. विधानसभा में पॉश इलाका न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, सुखदेव विहार, महारानी बाग, गोविंदपुरी जैसे इलाके आते हैं. करीब 1.70 लाख मतदाता हैं. इसमें पुरुष वोटर्स करीब 95 हजार और महिला मतदाताओं की संख्या 80 हजार हैं.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Delhi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.