Modi govt 12 years: PM मोदी की दीर्घायु के लिए CM रेखा गुप्ता ने की गौसेवा, सुंदरकांड का पाठ किया
Modi govt 12 years: सीएम रेखा गुप्ता ने इस दौरान गौशाला परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और सुंदरकांड का पाठ किया. उन्होंने इस दौरान गायों को चारा भी खिलाया.
Delhi News Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 साल पूरा होने के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार (जून,10, 2026) को किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला में गौसेवा की. इस दौरान उन्होंने गौशाला परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और सुंदरकांड का पाठ किया. उन्होंने इस दौरान गायों को चारा भी खिलाया.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंदिर में प्रभु के दर्शन कर देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफल नेतृत्व की कामना की. उन्होंने कहा कि 'प्रधान सेवक' के रूप में प्रधानमंत्री मोदी की सेवा, समर्पण और कार्य संस्कृति ने देश में व्यापक परिवर्तन का नया अध्याय लिखा है. उनके नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण को नई दिशा मिली है, जिससे देश के करोड़ों नागरिकों का जीवन सकारात्मक रूप से प्रभावित हुआ है.
मालूम हो कि PM मोदी ने 10 जून को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
रेखा गुप्ता ने PM मोदी को दी बधाई
इसके अलावा रेखा गुप्ता ने अपने 'X' हैंडल पर एक पोस्ट भी लिखा. उन्होंने लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में सबसे लंबे निरंतर निर्वाचित कार्यकाल का अद्वितीय कीर्तिमान स्थापित करने पर हार्दिक बधाई. यह पत्र हर दिल्लीवासी की आत्मीय अभिव्यक्ति है तथा दिल्ली की माताओं, बहनों और बेटियों के मन की भावनाओं का प्रतिबिंब भी. राजनीतिक परिस्थितियां चाहे जैसी भी रही हों, दिल्ली के प्रति आपका स्नेह, संवेदनशीलता और विकास का संकल्प सदैव अडिग रहा है.
आपके मार्गदर्शन में राजधानी ने वर्ल्डक्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर जनसुविधाओं और जनकल्याण की नई गति का अनुभव किया है. वहीं, नारी गरिमा और सशक्तिकरण को केंद्र में रखने वाली आपकी पहलों ने दिल्ली की लाखों माताओं, बहनों और बेटियों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया संबल प्रदान किया है. अंत्योदय से राष्ट्रोदय और विकसित भारत के इस संकल्प में दिल्ली का जन-जन आपके प्रति विश्वास और कृतज्ञता के भाव से जुड़ा हुआ है. आपकी सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की यह यात्रा हम सभी के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें