Namo Bharat Rapid Rail Sarai Kale Khan To Nizamuddin Skywalk Project
नमो भारत ट्रेन यात्रियों के लिए खुशखबरी, सराय काले खां से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच मिलेगी ये खास सुविधा
दिल्ली में सराय काले खां नमो भारत स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक 280 मीटर का स्काई वॉक बनेगा. ऐसा पहली बार होगा जब दिल्ली में NCRTC के किसी स्टेशन पर यात्रियों को इस तरह की सुविधा मिलेगी.
नमो भारत ट्रेन (रैपिड रेल) से यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक राहतभरी खबर सामने आई है. दरअसल, यात्रियों को अब सराय काले खां नमो भारत स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए स्टेशन से बाहर नहीं निकलना पड़ेगा. NCRTC ने दोनों स्टेशनों को जोड़ने के लिए 280 मीटर लंबा स्काई वॉक (फुटओवर ब्रिज) तैयार किया है. इससे नमो भारत ट्रेन और रेलवे स्टेशन के बीच आना-जाना बेहद आसान और सुरक्षित हो जाएगा. ऐसा पहली बार होगा कि दिल्ली में एनसीआरटीसी के किसी स्टेशन पर यात्रियों को इस तरह की सुविधा मिलेगी.
NCRTC के अनुसार, स्काई वॉक का सिविल वर्क पूरा हो चुका है और इस पर कुल 6 ट्रैवेलेटर स्थापित कर दिए गए हैं. ये ट्रैवेलेटर बिल्कुल एस्केलेटर की तरह काम करेंगे, बस फर्क यह है कि इसमें सीढ़ियां नहीं होंगी. यात्री ट्रैवेलेटर पर खड़े हो जाएंगे और खुद-ब-खुद आगे बढ़ते चले जाएंगे. फिलहाल स्काई वॉक की छत बनाने का काम चल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इसे मार्च तक आम यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा.
क्यों जरूरी था स्काई वॉक बनाना?
आपको बता दें कि सराय काले खां नमो भारत स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच की दूरी करीब 300 मीटर है. ये दूरी भले ही ज्यादा न हो, लेकिन यहां भारी ट्रैफिक होने के कारण यात्रियों को सड़क पार करने में काफी परेशानी होती थी. कनेक्टिविटी कम होने के कारण लोगों को एक जगह से दूसरे जगह तक पहुंचने में समय बहुत लगता था और खतरा भी बना रहता था. स्काई वॉक के खुलने से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा.
सराय काले खां बनेगा मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब
सराय काले खां स्टेशन दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक है और इसे आने वाले समय में एक बड़ा मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनाया जा रहा है. इसका मतलब है कि यहां से यात्री अलग-अलग परिवहन सेवाओं के बीच आसानी से सफर कर सकेंगे. यह स्टेशन नमो भारत ट्रेन के अलावा मेट्रो की पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड बस स्टैंड से भी जुड़ा होगा.
रोजाना सफर कर रहे 60 हजार यात्री
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस (Rapid Rail Transit System) कॉरिडोर कुल 82 किलोमीटर लंबा है, जो दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ जैसे घनी आबादी वाले शहरों को जोड़ता है. फिलहाल 11 स्टेशनों वाला 55 किलोमीटर का हिस्सा चालू है, जबकि बाकी बचे हिस्से जैसे सराय काले खां-न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ-मोदीपुरम को जल्द शुरू करने की तैयारी है.
Add India.com as a Preferred Source
NCRTC के मुताबिक अभी हर दिन यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 55,000 से 60,000 के बीच है और जब पूरा कॉरिडोर शुरू हो जाएगा, तो यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. स्काई वॉक जैसी सुविधाएं इस प्रोजेक्ट को और ज्यादा आधुनिक और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बना रही हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Delhi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.