प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेला जैसे-जैसे समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती जा रही है. संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए देशभर से श्रद्धालु प्रयागराज जा रहे हैं, जिससे रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप हर जगह पर भारी भीड़ उमड़ रही है. अब खबर आई है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हजारों यात्रियों की भीड़ जमा हो गई, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए.
बताया जा रहा है कि भगदड़ जैसे हालात बनते ही दम घुटने के कारण कई लोग बेहोश हो गए. वहीं, 15 के करीब घायल बताए जा रहे हैं. हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने भगदड़ की खबरों को खारिज किया है. अधिकारियों का कहना है यहां भगदड़ जैसे हालात बन गए थे, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है.
रेलवे ने भगदड़ की अफवाहों को किया खारिज
रेलवे पीआरओ दिलीप कुमार ने स्पष्ट किया कि स्टेशन पर भारी भीड़ जरूर है, लेकिन भगदड़ जैसी कोई घटना नहीं हुई. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहले से ही प्रयागराज के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. रविवार के दिन छुट्टी होने की वजह से भीड़ और ज्यादा बढ़ गई, लेकिन रेलवे लगातार यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रख रहा है.
ट्रेनों की देरी के कारण प्लेटफार्म पर बढ़ रही भीड़
खबर है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है. दो प्रमुख ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिसके कारण हजारों श्रद्धालु स्टेशन पर फंसे हुए हैं. यात्रियों का कहना है कि वे घंटों से भीड़ में फंसे हुए हैं और धक्का-मुक्की के कारण सांस लेना भी मुश्किल हो गया. हालांकि, रेलवे ने इस भीड़ को कम करने के लिए दो अतिरिक्त ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन यात्रियों की संख्या इतनी ज्यादा है कि यह उपाय भी कारगर साबित नहीं हो रहा.
स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम…
मौजूदा स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. प्लेटफार्म 12 से 16 के बीच भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चार फायर टेंडर्स और एम्बुलेंस को तैनात किया गया है. रेलवे पुलिस के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की टीम भी स्टेशन पर मौजूद है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. अधिकारियों का कहना है कि भीड़ को मैनेज करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर और अधिक ट्रेनें चलाई जा सकती हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Delhi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.