Punjab Polls 2022: पंजाब में क्या केजरीवाल होंगे सीएम उम्मीदवार? पार्टी किसे बनाएगी चेहरा, AAP संयोजक ने कर दिया साफ

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि उनकी पार्टी आम जनता से पूछेगी कि पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी का चेहरा किसे बनाया जाना चाहिए?

Published: January 13, 2022, 4:19 PM IST

Punjab Assembly Polls 2022: पंजाब में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है. राज्य में एक चरण में 14 फरवरी को मतदान (Punjab Election Date) होना है. नतीजे 10 मार्च को आएंगे. चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपनी तैयारियों में जी जान से जुट गई हैं. 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा (Punjab Assembly Election 2022) में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party), अकाली दल और BJP के अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस मैदान में है. हालांकि अब तक किसी भी पार्टी ने मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया है. इन सबके बीच पंजाब में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर केजरीवाल का बयान आया है. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि उनकी पार्टी आम जनता से पूछेगी कि पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी का चेहरा किसे बनाया जाना चाहिए?

उन्होंने संकेत दिया कि इस पद के लिए उनकी पसंद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान हैं और उन्होंने खुद को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताया. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भगवंत मान (Bhagwant Mann) और पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा की मौजूदगी में एक मोबाइल नंबर जारी किया जिस पर लोग 17 जनवरी तक अपनी आवाज में संदेश रिकॉर्ड करके, एसएमएस भेजकर या वॉट्सऐप से इस बारे में अपनी राय बता सकते हैं कि पार्टी नेताओं में से किसे वह मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में देखना चाहते हैं. केजरीवाल ने कहा, ‘नहीं, अरविंद केजरीवाल इस दौड़ में नहीं है. मैं स्पष्ट कर दूं कि मैं इसमें नहीं हूं.’

उन्होंने जून 2021 में घोषणा की थी कि 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री पद का दावेदार सिख समुदाय से होगा और कहा कि पूरे पंजाब को उन पर गर्व होगा. केजरीवाल ने कहा कि वह चाहते हैं कि मान को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाए लेकिन मान चाहते हैं कि पंजाब की जनता को यह फैसला करना चाहिए. उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘भगवंत मान मेरे छोटे भाई हैं. वह आप पार्टी के बड़े नेता हैं. मैंने कहा कि भगवंत मान को बनाया जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने कहा कि पहले लोगों से पूछना चाहिए. उन्होंने कहा कि बंद दरवाजों में मुख्यमंत्री पद के दावेदार के नाम पर फैसला करने का चलन बंद होना चाहिए.’

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्र भारत में संभवत: पहली बार ऐसा हो रहा होगा कि कोई पार्टी जनता से पूछ रही है कि उसका मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा किसे बनाया जाना चाहिए.

(इनपुट: भाषा)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Punjab की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.