Farm Laws: कृषि कानूनों को वापस लिये जाने के बाद क्या एक बार फिर SAD-BJP का होगा गठबंधन? जानें सुखबीर बादल का जवाब

सुखबीर बादल से पूछा गया कि क्या अकाली दल दोबारा भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन करेगी? उन्होंने इस सवाल का जवाब ना में दिया.

Published: November 19, 2021, 6:12 PM IST

Farm Laws: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुपर्व के मौके पर तीनों कृषि कानूनों (Farm Laws) को वापस लेने का एलान किया. यह घोषणा तब की गई, जब इन कानूनों के खिलाफ देश के किसानों का एक समूह पिछले एक साल से दिल्ली की अलग-अलग सीमा पर आंदोलन कर रहा है. मोदी सरकार के फैसले पर पंजाब में BJP की सहयोगी रही शिरोमणि अकाली दल (Shiromani Akali Dal) का भी रिएक्शन आया है. मालूम हो कि कृषि कानूनों के विरोध में ही अकाली दल ने BJP से नाता तोड़ लिया था.

ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या शिरोमणि अकाली दल (SAD) और BJP के बीच एक बार फिर गठबंधन होगा? हालांकि SAD प्रमुख सुखबीर सिंह बादल (Sukhbir Singh Badal) ने इस संभावना को खारिज कर दिया है. सुखबीर बादल ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, ‘आंदोलन के दौरान 700 जानें गई हैं, शहादतें हो गई हैं, यही बात मैंने पार्लियामेंट में प्रधानमंत्री जी से कहा था कि जो आपने काले कानून बनाए हैं, इन्हें देश के किसान नहीं मानते. आप मत कानून लेकर आएं, जो हमने बात कही थी वह सच हुई.’

इस दौरान जब सुखबीर बादल से पूछा गया कि क्या अकाली दल दोबारा भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन करेगी? उन्होंने इस सवाल का जवाब ना में दिया.

उधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का भी बयान आया है. पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) ने मोदी सरकार के इस फैसले की तारीफ की. अमरिंदर सिंह ने कहा कि ‘प्रकाश पर्व पर तीनों कृषि कानूनों को निरस्त (Farm Laws Repeal) करने का फैसला लिया गया और किसानों से माफी मांगी. इससे बड़ा कुछ नहीं हो सकता. मैं इसके लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का शुक्रगुजार हूं. इससे ज्यादा कोई कुछ नहीं कर सकता.

वहीं, अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) से जब यह पूछा गया कि कृषि कानूनों को वापस लिये जाने का फैसला लिया जा चुका है तो क्या अब वह बीजेपी के साथ गठबंधन करेंगे? जवाब में अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘मैं तीन महीने से कह रहा था. मैंने कहा था कि किसानों का मुद्दा पहले आता है, उसके बाद ही हम आपके साथ सीट एडजस्टमेंट करेंगे.

मालूम हो कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल ही में कांग्रेस (Congress) का दामन छोड़कर अपनी नई पार्टी का ऐलान किया था. दिल्ली में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से मुलाकात भी की थी. उस समय ये अटकलें लगाई जा रही थी कि अमरिंदर सिंह बीजेपी (BJP) में शामिल हो सकते हैं. हालांकि जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया था तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया था. उन्होंने कहा था कि कृषि कानूनों को वापस लिये जाने के बाद ही वह बीजेपी के साथ गठबंधन के बारे में सोचेंगे. बता दें कि पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Polls 2022) होने हैं.

(इनपुट: ANI)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.