जयपुर| राजस्थान के जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर में इन दिनों महिलाओं के बाल काटे जाने की अफवाह जंगल की आग की तरह फैल रही है. इससे लोगों के बीच दहशत का माहौल है. इसे कोई जादू टोना मानते हुए घर के बाहर कुमकुम चंदन लगा रहे हैं. इसी बीच एक डॉक्टर का वीडियो वायरल हो रहा है जो महिला का इलाज करने के नाम पर अंधविश्वास का सहारा ले रहा है.
यह वीडियो बाड़मेर जिला अस्पताल के डॉ. सुरेंद्र बोहरा का है. इसमें वह किसी झाड़-फूंक करने वाले बाबा की तरह महिला को बाल पकड़कर उठाता है और उसको थप्पड़ मारता है. कहा यह भी जा रहा है कि ऐसा करने से पहले डॉ. ने अगरबत्ती भी जलाई थी.
दरअसल सोनड़ी निवासी महिला को बेहोशी की हालत में उसके परिजन बाड़मेर जिला अस्पताल लेकर आते हैं. जहां डॉक्टर ने महिला का इलाज करने के नाम पर पहले अगरबत्ती जलाई इसके बाद उसे बाल पकड़कर बिस्तर से उठाया और जोरदार चार थप्पड़ भी मारे. लेकिन इस पर भी महिला को होश नहीं आया. वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया.
बता दें पिछले एक महीने से राजस्थान के पश्चिमी इलाके में महिलाओं के बाल काटने, पेट पर त्रिशूल बनाए जाने जैसी अंधविश्वास से जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं. वहीं पुलिस ने इस तरह की घटनाओं को अफवाह करार देते हुए इन पर ध्यान न दिए जाने की अपील की है. बाड़मेर एसपी गगनदीप सिंगला ने कहा कि बाल काटने की घटनाएं महज अफवाह हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा कैसे संभव है कि कोई बाल काट जाए और दिखे भी नहीं. उन्होंने किसी भी संदिग्ध या ऐसी अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Rajasthan की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.