जयपुर में रिश्तों का कत्ल! बेटी ने कर दी मां की हत्या, पुलिस जांच में क्या सामने आया?

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:July 7, 2026 10:32 PM IST

जयपुर में एक बेटी पर सरकारी नौकरी और संपत्ति के लालच में मां की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है. जानें यह पूरा मामला क्या है और पुलिस को जांच में क्या मिला.

  • राजस्थान के जयपुर में एक बेटी पर अपनी मां की हत्या की साजिश रचने का आरोप है
  • बेटी, चाचा और चचेरे भाई समेत सात लोग पुलिस की गिरफ्त में हैं
  • सरकारी नौकरी और संपत्ति पाने के लिए हत्या की साजिश रची गई
  • हत्या को एक्सीडेंट दिखाकर सबूत छिपाने की कोशिश की गई

Rajasthan Murder Case: राजस्थान से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. जयपुर के प्रताप नगर इलाके में रहने वाली 45 साल की नीरज शर्मा की 3 जुलाई को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे सामान्य सड़क हादसा माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पूरी कहानी बदल गई. मृतका के भाई राकेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी भांजी आयुषी और कुछ अन्य लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया. शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की और पाया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि पहले से बनाई गई हत्या की योजना थी.

Advertising
Advertising

सरकारी नौकरी और संपत्ति के लिए रची साजिश

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया कि 23 वर्षीय आयुषी अपनी मां की सरकारी नौकरी और परिवार की संपत्ति हासिल करना चाहती थी. बताया गया कि आयुषी के पिता की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद नीरज शर्मा को अनुकंपा के आधार पर अदालत में एलडीसी (क्लर्क) की नौकरी मिली थी. पुलिस का दावा है कि आयुषी चाहती थी कि यह नौकरी उसे मिले, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इसी बात को लेकर वह अपनी मां से नाराज रहने लगी. जांच में यह भी सामने आया कि उसने अपने चाचा, चचेरे भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर मां की हत्या की योजना बनाई.

भाई की शिकायत ने खोल दी बेटी की पोल

मामले में मोड़ तब आया जब मृतका के भाई ने पुलिस को घटनाक्रम पर संदेह जताया. पुलिस ने तकनीकी सबूत, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर कई अहम सुराग जुटाए. इसके बाद, आयुषी समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहले हत्या की साजिश रची और फिर तेज रफ्तार वाहन से टक्कर दिलवाकर इसे दुर्घटना दिखाने की कोशिश की. फिलहाल एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस पूरे मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि साजिश में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.

रांची से भी आया था ऐसा ही मामला

कुछ महीने पहले रांची से भी एक ऐसे ही मामला सामने आया था. यहां एक नाबालिग लड़की पर अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगा था. पुलिस के मुताबिक, लड़की ने पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी मां की हत्या की साजिश रची थी. इन दोनों मामलों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक रिश्तों में बढ़ता लालच किस हद तक लोगों को अपराधी बना देता है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें