राजस्थान में BJP को झटका, करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार ने मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह को दी शिकस्त; जानें क्या बोले गहलोत

Karanpur Bypoll Result: चुनाव आयोग की तरफ से बताया गया कि करणपुर से कांग्रेस उम्मीदवार कुन्नर ने टीटी को 11,283 मतों के अंतर से हराया. इस सीट पर 5 जनवरी को मतदान हुआ था.

Published date india.com Updated: January 8, 2024 5:33 PM IST
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत. (File Photo)
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत. (File Photo)

Karanpur Bypoll Result: राजस्थान के करणपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस प्रत्याशी रुपिन्दर सिंह कुन्नर ने राजस्थान सरकार के मंत्री और BJP उम्मीदवार सुरेंद्रपाल सिंह टीटी (Surenderpal Singh TT) को 11 हजार से ज्यादा वोटों से शिकस्त दे दी. निर्वाचन आयोग (ECI) की तरफ से इसकी जानकारी दी गई. मालूम हो कि राजस्थान के कारणपुर विधानसभा सीट के लिये 5 जनवरी को वोट डाले गए थे. चुनाव आयोग की तरफ से बताया गया कि करणपुर से कुन्नर ने टीटी को 11,283 मतों के अंतर से हराया है. कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था. इस सीट पर बाद में 5 जनवरी को मतदान हुआ था, जिसकी गिनती सोमवार को हुई.

कांग्रेस प्रत्याशी की जीत

निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी रुपिंदर सिंह को 94,950 वोट मिले, जबकि टीटी को 83,667 वोट मिले. तीसरे नंबर पर रहे आम आदमी पार्टी (AAP) प्रत्‍याशी पिरथीपाल सिंह को 11940 वोट मिले. इस जीत के साथ ही राज्य की 200 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढ़ कर 70 हो गई है. प्रदेश में सत्तारूढ़ BJP के 115 विधायक हैं.

BJP को झटका

इस हार को लगभग एक महीने पहले ही सत्ता में आने वाली BJP के लिए करारा राजनीतिक झटका माना जा रहा है. सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने करणपुर सीट से चुनाव लड़ रहे सुरेंद्रपाल सिंह टीटी को 30 दिसंबर को बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्रिपरिषद में शामिल किया था. उन्हें कृषि विपणन विभाग, इंदिरा गांधी नहर विभाग तथा अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग दिया गया था. टीटी के लिए यह लगातार दूसरी हार है. साल 2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में वह तीसरे स्थान पर रहे थे.

क्या बोले अशोक गहलोत?

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा क‍ि इलाके की जनता ने BJP को सबक सिखाया है. गहलोत ने ट्वीट किया, ‘करणपुर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के अभिमान को हराया है. चुनाव के बीच प्रत्याशी को मंत्री बनाकर आचार संहिता और नैतिकता की धज्जियां उड़ाने वाली BJP को जनता ने सबक सिखाया है.’ गहलोत ने लिखा, ‘करणपुर में कांग्रेस प्रत्याशी रुपिन्दर सिंह कुन्नर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. यह जीत दिवंगत गुरमीत सिंह कुन्नर के जनसेवा कार्यों को समर्पित है.’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि यह जनादेश भाजपाई तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक नीति पर करारा तमाचा है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

सचिन पायलट ने किया यह ट्वीट

उन्होंने ट्वीट किया, ‘जब देश की संवैधानिक संस्थाएं अपना दायित्व भूल जाएं, तब जनता की अदालत में न्याय होता है. करणपुर की स्वाभिमानी जनता-जनार्दन को कोटिश: प्रणाम. करणपुर का यह जनादेश भाजपाई तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक नीति पर करारा तमाचा है.’ पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी कांग्रेस उम्मीदवार को जिताने के लिए क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘मुझे खुशी है कि करणपुर की स्वाभिमानी जनता ने कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा पर विश्वास जता कर प्रगति, खुशहाली और अपने सुरक्षित भविष्य को चुना है.’

विधानसभा का क्या है गणित?

राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था. इसका परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किया गया. इसमें भाजपा को 115 व कांग्रेस को 69 सीटें मिलीं थीं. भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. बता दें कि करणपुर गंगानगर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था.

(इनपुट: भाषा से भी)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.