Salman Khan House Firing Case: सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल, मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने इस केस में राजस्थान के बूंदी जिले से एक आरोपी को पकड़ा है. आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस उसे मुंबई ले आई, जहां अब उससे पूछताछ की जाएगी. पकड़े गए शख्स की पहचान राजस्थान के बूंदी निवासी बनवारीलाल लटूरलाल गुर्जर (25) के रूप में हुई है.
क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि गुर्जर ने कथित तौर पर अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था. जिसमें उसने कहा था, ‘लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और गिरोह के अन्य सदस्य मेरे साथ हैं और मैं सलमान खान को मारने जा रहा हूं…क्योंकि उसने अभी तक माफी नहीं मांगी है.’ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने राजस्थान में एक राजमार्ग पर वीडियो बनाया था, और बाद में उसे अपने चैनल पर अपलोड कर दिया.
उन्होंने आगे बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम जांच के लिए राजस्थान भेजी गई और उसने आरोपी को पकड़ लिया. अधिकारी ने कहा, हम जांच कर रहे हैं कि आरोपी गुर्जर का कोई पिछला आपराधिक इतिहास तो नहीं है. उसे भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं, 506 (2) (आपराधिक धमकी के लिए सजा) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है.
मालूम हो कि बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर के बाहर 14 अप्रैल को मोटरसाइकिल से आए 2 व्यक्तियों ने गोलियां चलायी थीं. घटना के बाद पता चला कि यह दोनों शूटर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के थे. पुलिस ने बताया था कि बिश्नोई और उसके चचेरे भाई अनमोल बिश्नोई ने सलमान के घर पर फायरिंग को लेकर प्लानिंग की थी.
इस गोलीबारी को लेकर मुंबई पुलिस ने कथित निशानेबाजों (शूटर) विकी गुप्ता और सागर पाल को गुजरात से गिरफ्तार किया. पुलिस का दावा है कि इस घटना के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ है. बता दें कि अब तक इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. उनमें से एक अनुज थापन ने एक मई को पुलिस हवालात में कथित रूप से फांसी लगा ली थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.