भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) इन दिनों खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. दो साल से शतक लगाने से वंचित विराट का बल्ला वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान पूरी तरह से खामोश रहा. वो तीनों वनडे मैचों में खराब शॉट खेलकर आउट हुए. यही वजह है कि कप्तानी जाने के बाद विराट कोहली पर पहले से ज्यादा दबाव बन गया है. बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का कहना है कि विराट कोहली मानिसक रूप से सहज हैं. वो जल्द शतक लगाने वाले हैं.
विराट कोहली (Virat Kohli) ने साल 2019 के अंत में भारत और बांग्लादेश के बीच डे-नाइट टेस्ट के दौरान अपना आखिरी शतक जड़ा था. वो सभी फॉर्मेट में मिलाकर 70 शतक जड़ चुके हैं. एक वक्त पर यह कहा जा रहा था कि विराट जल्द ही सचिन तेंदुलकर के शतकों के शतक के रिकॉर्ड को भी तोड़ देंगे लेकिन 2019 के बाद एकाएक विराट के लिए शतकों का सूख पड़ गया.
राजकुमार ने पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जो लोग उसकी फॉर्म पर सवाल उठा रहे हैं उन्हें उसके आंकड़े देखने चाहिए. इन्हें देखने के बाद वह उसकी आलोचना नहीं कर पाएंगे. शतक नहीं बन पा रहा है लेकिन वह 70 शतक जड़ चुका है. लोगों को यह महसूस करना चाहिए.’’
उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो वह अच्छा खेल रहा है और जल्द ही बड़ी पारी खेलेगा. वह काफी सकारात्मक और सहज है और हमें जल्द ही उससे बड़ी पारी देखने को मिलेगी.’’
राज कुमार दिल्ली की टीम के भी कोच हैं और अभी रणजी ट्रॉफी टीम के साथ गुवाहाटी में हैं. कोहली की तरह पश्चिमी दिल्ली के ही रहने वाले यश धुल को अंडर-19 विश्व कप में खिताबी जीत के दौरान भारत की अगुआई करने के बाद पहली बार दिल्ली की टीम में शामिल किया गया है.
इस 19 वर्षीय खिलाड़ी ने भले ही लंबे समय से लाल गेंद का मुकाबला नहीं खेला हो लेकिन राजकुमार को लगता है कि वह चुनौती के लिए तैयार है. गुरुवार को दिल्ली के पहले मुकाबले में उन्हें पारी का आगाज करने का मौका मिल सकता है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके शतक के संदर्भ में राज कुमार ने कहा, ‘‘वह असाधारण प्रतिभा है, उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में यह दिखाया है. वह भारत के लिए भविष्य का खिलाड़ी है.’’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.