IND vs WI- वेस्टइंडीज के खिलाफ फिफ्टी जड़ बोले Virat Kohli- शॉट खेलने के इरादे से खुश था
वेस्टइंडीज के खिलाफ फिफ्टी जड़ने के बाद विराट कोहली ने कहा- खुद पर विश्वास रखना और अपनी क्षमताओं पर भरोसा बनाए रखना अहम है.
विराट कोहली @BCCITwitter
वेस्टइंडीज के इस दौरे पर अपने बल्लेबाज से संघर्ष करते दिख रहे विराट कोहली (Virat Kohli) आखिरकार दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में अपने रंग में दिखाई दिए. उन्होंने 41 गेंदों में 52 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और एक छक्का भी बरसाया. विराट की फिफ्टी की बदौलत भारत ने मेहमान टीम के सामने 187 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है. भारत की पारी खत्म होने के बाद विराट ने कहा कि आज उन्होंने शुरुआत से ही शॉट खेलने का इरादे दिखाए, जिससे कामयाबी मिली और वह इससे खुश हैं.
विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार को यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी पुरानी फॉर्म की झलक दिखाई. इससे पहले विंडीज के खिलाफ खेले चार मैचों में नहीं चल पाए थे. वह लगातार 3 वनडे और पहले टी20 मैच में संघर्ष करते दिखे थे.
कोहली ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, 'मैंने सकारात्मक रहने का फैसला किया था. लेकिन फिर हमने कुछ (रोहित शर्मा, सूर्य कुमार यादव) विकेट गंवा दिए. मैं क्रीज पर बने रहना चाहता था लेकिन दुर्भाग्य से आउट हो गया.'
उन्होंने कहा, 'मैं अपने इरादों से खुश था कि मैं शॉट खेलना चाहता हूं. कई बार जब आप जिम्मेदारी से खेलना चाहते हैं तो स्वयं से पूछते हैं कि क्या आप पारी के शुरू में बड़े शॉट खेलना चाहते हैं. आप लापरवाह नहीं होना चाहते थे लेकिन अपने शॉट भी खेलना चाहते हो. आप यह संतुलन बनाने का प्रयास करते हो.'
विराट ने यह भी स्वीकार किया कि जिस वक्त उन्होंने अपना विकेट गंवाया वह सही समय नहीं था. उस वक्त टीम को उनके और पंत के वहां खड़े होने की दरकार थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें