IPL 2022: 12 अप्रैल से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से नहीं जुड़ पाएंगे Josh Hazlewood

Written By: India.com Hindi Sports Desk Updated by: Arun Kumar
Updated Date:April 5, 2022 3:55 PM IST

ऑस्ट्रेलिया के अनुबंधित खिलाड़ी 6 अप्रैल से पहले इस लीग में नहीं खेल सकते हैं. लेकिन हेजलवुड ने निजी काम से छुट्टियां ली हैं और वह इस लीग में 12 अप्रैल से पहले नहीं खेलेंगे.

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अब तक दो मैच खेल चुकी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को अभी भी अपने दो स्टार खिलाड़ियों का इंतजार है. ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) अभी तक अपनी टीम से नहीं जुड़ पाए हैं. जोश हेजलवुड एक सप्ताह बाद इस टीम से जुड़ पाएंगे, जबकि हाल ही अपनी शादी रचाने वाले मैक्सवेल 9 अप्रैल से टीम में चयन के लिए उपलब्ध होंगे. इससे पहले बैंगलोर की टीम आज शाम राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपना तीसरा मैच खेलेगी.

Advertising
Advertising

पाकिस्तान दौरे में आस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे हेजलवुड अगले कुछ दिनों में टीम से जुड़ेंगे और चयन के लिए उपलब्ध होने से पहले उन्हें तीन दिन तक पृथकवास में रहना होगा. आईपीएल के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, 'हेजलवुड अगले कुछ दिनों में टीम से जुड़ेंगे. वह अन्य खिलाड़ियों की तरह पाकिस्तान सीरीज के बाद अपनी फ्रैंचाइजी से सीधे नहीं जुड़े. उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से कुछ दिन का विश्राम लिया था.'

ऑस्ट्रेलिया के बाकी खिलाड़ी छह अप्रैल से चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे. हेजलवुड के 12 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहने की संभावना है. इस बीच ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) हेजलवुड से एक मैच पहले यानी 9 अप्रैल को मुंबई इंडियन्स (MI) के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे.

मैक्सवेल रॉयल चैलेंजर्स के खेमे में पहले ही पहुंच चुके हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया के अनुबंधित खिलाड़ी पाकिस्तान दौरे के खत्म होने से पहले आईपीएल से नहीं जुड़ सकते हैं. ऑस्ट्रेलिया का पाकिस्तान दौरा आज 5 अप्रैल को एकमात्र टी20 मैच के साथ खत्म हो रहा है. मैक्सवेल पाकिस्तान दौरे का हिस्सा नहीं थे. लेकिन तय नियम व शर्तों के मुताबिक उन्हें आईपीएल में खेलने के लिए 6 अप्रैल तक इंतजार करना होगा.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें