Written By: India.com Hindi Sports Desk
Updated: May 19, 2022 11:23 PM IST
IPL 2022 RCB vs GT Match Report and Highlights: आईपीएल के प्लेऑफ में एंट्री को बेताब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने बेहतरीन अंदाज में गुजरात टाइटन्स (GT) को 8 विकेट से हराकर आखिरी लीग मैच में शानदार जीत दर्ज की. अब बैंगलोर के 16 अंक हो गए हैं और वह अंकतालिका में चौथे पायदान पर पहुंच गई है. गुजरात ने बैंगलोर को हार्दिक पांड्या की फिफ्टी के दम पर 169 रन का टारगेट दिया था. लेकिन बैंगलोर ने अपने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) की 73 रन की धांसू पारी के दम पर जीत दर्ज की.
रॉयल चैलेंजर्स के लिए विराट के अलावा यहां कप्तान (Faf du Plessis) फाफ डुप्लेसिस (44) ने उनका बेहतरीन साथ दिया. दोनों बल्लेबाजों ने ओपनिंग विकेट के लिए 115 रन जोड़े. डुप्लेसिस को आउट कर राशिद ने RCB को पहला झटका दिया. इसके बाद 146 के कुल स्कोर पर राशिद खान ने विराट को अपना दूसरा शिकार बनाया लेकिन तब तक बैंगलोर जीत के मुहाने पर पहुंच चुकी थी.
हालांकि प्लेऑफ में एंट्री के लिए अभी उसे दिल्ली कैपिटल्स (DC) के मैच पर भी नजर रखनी होगी. क्योंकि दिल्ली के भी 14 अंक हैं और उसका रनरेट RCB से बेहतर है. यानी अगर दिल्ली की टीम अपना मैच जीतती है तो वह बैंगलोर को नेट रन रेट में पछाड़कर क्वॉलीफाई कर लेगी.
दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स की जगह अब प्लेऑफ में अब तय लग रही है लेकिन वह अपना आखिरी लमुकाबला जीतकर 18 अंकों के साथ टॉप 2 में एंट्री करना चाहेगी.
आज खेले गए मैच की बात करें तो गुजरात ने आज टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था. यहां टाइटन्स ने कप्तान हार्दिक पांड्या (62*) और राशिद खान (19*) की धुआंधार पारी की वजह से RCB को 169 रनों का लक्ष्य दिया. गुजरात ने 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 168 रन बनाए. टीम की ओर से कप्तान हार्दिक और डेविड मिलर ने 47 गेंदों में 61 रनों की साझेदारी की. बैंगलोर की ओर से जोस हेजलवुड ने 2 विकेट चटकाए. वहीं, ग्लेन मैक्सवेल और वानिंदु हसरंगाा ने एक-एक विकेट लिया.
इससे पहले टाइटन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने शुबमन गिल (1) का विकेट सस्ते में गंवा दिए. इसके कुछ देर बाद मैथ्यू वेड भी आउट हो गए. वहीं, रिद्धिमान साहा ने कुछ अच्छे शॉट खेले. दूसरे छोर पर कप्तान हार्दिक पांड्या ने उनका साथ दिया.
लेकिन साहा (31) बदकिस्मत रहे और हार्दिक पांड्या के साथ एक नामुमकिन सा रन चुराने के प्रयास में रन आउट हो गए. इसके बाद, कप्तान हार्दिक और डेविड मिलर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को 14 ओवरों में 100 के पार पहुंचा दिया. इस बीच, दोनों ने मिलकर बैंगलोर के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की. लेकिन 17वें ओवर में हसरंगा की गेंद पर मिलर (34) कैच आउट हो गए. इसके साथ ही उनके और कप्तान हार्दिक के बीच 47 गेंदों में 61 रनों की साझेदारी का अंत हो गया.