New Zealand vs Afghanistan, ICC Mens T20 World Cup 2021: न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच 7 नवंबर को आबू धाबी में अहम मुकाबला खेला गया, जिसमें न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से जीत दर्ज की. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 124 रन बनाए. इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 18.1 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया. इस हार के साथ अफगानिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया. इसके साथ ही भारत भी खिताबी रेस से बाहर हो चुका है.
अफगानिस्तान के ऑल राउंडर गुलबदीन नईब (Gulbadin Naib) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद कहा कि उनकी टीम ने टी20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि उनकी टूर्नामेंट से पहले तैयारी अच्छी नहीं रही थी क्योंकि देश में तालिबान सत्ता पर काबिज हो गया था.
नईब ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘अंत में कहूं तो हम यहां टूर्नामेंट से तीन दिन पहले ही आए थे. तो उसे देखते हुए हमारी टीम और खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया, हमारे खिलाड़ियों ने यहां काफी अच्छी चीजें कीं. ’’
विश्व कप-2019 में अफगानिस्तान की अगुआई कर चुके नईब ने आगे कहा, ‘‘इसलिए हमारे लिए यह भी अच्छी चीज रही कि हमने अगले विश्व कप के लिये क्वालीफाई कर लिया. हम शीर्ष आठ में थे. लेकिन अब हमें काफी काम करना है. ’’
अफगानिस्तान ने सुपर 12 चरण में दो मैच जीते और तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा. पूरा भारत चाहता था कि वह न्यूजीलैंड को हरा दे ताकि विराट कोहली की टीम टूर्नामेंट में बनी रहे लेकिन विपक्षी टीम उनके लिए काफी अच्छी रही. अफगानिस्तान ने हालांकि अगले साल आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप में स्वत: क्वालीफाई कर लिया है.
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.