भारतीय टीम आज टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2021) में अपना आखिरी मुकाबला खेलने उतरेगी. वह इस टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज से ही बाहर होकर निराश लौट रही है. इस टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने यह ऐलान कर दिया था कि वह इस टूर्नामेंट के बाद टी20 फॉर्मेट में टीम की कमान नहीं संभालेंगे. यानी आज जब टीम इंडिया नामीबिया (India vs Namibia) के खिलाफ दुबई के मैदान पर उतरेगी तो यह कप्तान के रूप में विराट का फेयरवेल मैच भी होगा.
टीम इंडिया को इस टूर्नामेंट में खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था. लेकिन टीम अपने पहले ही दो मैचों में हारकर औंधे मुंह गिर गई. सिलेक्शन कमिटी और बोर्ड के अधिकारी टीम के इस लचर प्रदर्शन से चिंतित हैं. अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या विराट कोहली से वनडे टीम की कमान भी छीन ली जाएगी. क्योंकि सीमित ओवरों की सीरीज में विराट हर बड़े टूर्नामेंट में टीम को कामयाबी नहीं दिला पाए हैं. भारत 2017 में वह चैंपियन्स ट्रॉफी का फाइनल उन्हीं की कप्तानी में हारा. इसके बाद साल 2019 में टीम इंडिया वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में हारकर बाहर हो गई और अब टी20 वर्ल्ड कप 2021 में तो वह लीग स्टेज से ही निराशाजनक विदाई ले रही है.
जानकार मान रहे हैं कि अब समय आ गया है कि भारतीय टीम अलग-अलग फॉर्मेट की कप्तानी के लिए अलग-अलग कप्तान नियुक्त करे. वहीं सीमित ओवरों की कप्तानी के लिए टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) नए कप्तान के रूप में सबसे बड़े दावेदार नजर आ रहे हैं. रोहित टी20 फॉर्मेट में आईपीएल में मुंबई इंडियन्स की कमान संभालते हैं और वह मुंबई को 5 बार खिताब जिता चुके हैं. इस बीच टीम इंडिया आज कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री को नामीबिया के खिलाफ जीत के साथ एक बेहतरीन विदाई देना जरूर चाहेगी.
ऐसे में इस मैच में विराट कोहली चाहेंगे कि वह भले नामीबिया जैसी साधारण टीम के खिलाफ मैच खेल रहे हैं लेकिन इस मैच में टीम ऐसा खेल दिखाए, जो इतिहास में हमेशा याद रखा जाए. टीम यहां अगर पहले बल्लेबाजी करने उतरती है तो उसके बल्लेबाज बेखौफ क्रिकेट खेलकर कोई बहुत बड़ा स्कोर टीम के नाम करें और अगर वह पहले गेंदबाजी करती है तो टीम के गेंदबाज नामीबिया को छोटे से छोटे स्कोर पर समेट दें.
इस बीच विराट कोहली और रवि शास्त्री की जोड़ी भी आज टूट जाएगी. नामीबिया के खिलाफ आखिरी लीग मैच के साथ ही कोच रवि शास्त्री का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है. रवि शास्त्री की जगह भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) को नया कोच नियुक्त किया जा चुका है. अगले सप्ताह से ही राहुल द्रविड़ टीम के साथ अपना कार्यकाल शुरू कर देंगे. आगामी 17 नवंबर से भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज की शुरुआत करेगी.
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.