नई दिल्ली. इसे आप फुटबॉल का दीवानापन ही कहेंगे कि 90 मिनट का एक मैच देखने के लिए कोई 40 घंटे के हवाई सफर की परेशानी झेले. लेकिन यह सच है. दिल्ली के एक फुटबॉल प्रशंसक अर्जुन गुप्ता ने यूक्रेन की राजधानी कीव में होने वाले चैंपियंस लीग फुटबॉल का फाइनल देखने के लिए यह दीवानापन दिखाया है. हमारे सहयोगी न्यूज चैनल WION की खबर के अनुसार चैंपियंस लीग के शनिवार को होने वाले फाइनल मैच देखने के लिए सिर्फ दिल्ली के अर्जुन गुप्ता ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई और फुटबॉल प्रेमियों ने भी ऐसा ‘रोमांचक’ कारनामा कर दिखाया है. इन फुटबॉल प्रेमियों में नॉर्वे के लार्स फ्रॉसलैंड भी शामिल हैं, जिन्होंने लीवरपूल टीम के फाइनल में जाने से पहले ही महंगी हवाई यात्रा का टिकट बुक करा लिया. शनिवार को यह मैच लीवरपूल और रियल मैड्रिड टीमों के बीच खेला जाना है.
90 हजार तक का हवाई टिकट
चैंपियंस लीग के फाइनल मैच में इस बार लीवरपूल की टीम पहुंची है. दुनियाभर में इस टीम के प्रशंसकों की संख्या लाखों में है. जाहिर है अपनी पसंदीदा टीम को फाइनल मैच जीतते देखना, हर प्रशंसक के लिए सपना सरीखा होता है. यही वजह है कि चैंपियंस लीग का फाइनल मैच देखने के लिए उसके प्रशंसक महंगी हवाई टिकट खरीदने का जोखिम भी उठा रहे हैं. WION की खबर के अनुसार यूक्रेन की राजधानी कीव में होने वाले इस मैच के लिए फुटबॉल प्रेमी 1 हजार पांड यानी करीब 90 हजार रुपए तक का हवाई किराए का टिकट बुक करा रहे हैं. दिल्ली से मैच देखने कीव पहुंचे लीवरपूल टीम के प्रशंसक अर्जुन गुप्ता ने WION को बताया, ‘मेरी फ्लाइट मंगलवार रात 10 बजे की थी, लेकिन कीव पहुंचने से पहले ही फ्लाइट को डाइवर्ट कर दिया गया और हमें रोम में उतरना पड़ा. रोम में वीजा संबंधी मुश्किलें दूर करने में 5 घंटों से ज्यादा का समय लगा. कुल मिलाकर 40 से ज्यादा घंटे के हवाई सफर के बाद मैं कीव पहुंच पाया.’
कीव में सुविधाओं को लेकर प्रशंसकों ने उठाया सवाल
चैंपियंस लीग के फाइनल मैच का यूक्रेन की राजधानी कीव में आयोजन को लेकर भी फुटबॉल प्रेमी सवाल उठा रहे हैं. यूरोप के विभिन्न देशों और दुनिया के कई शहरों के फुटबॉल प्रेमी कीव पहुंच रहे हैं, लेकिन इस शहर में बाहरी लोगों के लिए समुचित इंतजाम का अभाव है. ऐसे में प्रशंसकों को परेशानी हो रही है. लीग का फाइनल मैच देखने नॉर्वे से आए लीवरपूल टीम के प्रशंसक लार्स फ्रॉसलैंड ने कीव में मैच आयोजन और यहां आने वाले फुटबॉल प्रेमियों को होने वाली दिक्कतों के बारे में WION से अपने अनुभव साझा किए. लार्स ने कहा, ‘UEFA को इस बारे में सोचना चाहिए कि किसी छोटे शहर में इस तरह का बड़ा मैच न कराया जाए. क्योंकि चैंपियंस लीग का मैच आयोजित करने के लिए उस शहर को कम से कम 1 लाख दर्शकों का भार झेलने की क्षमता वाला होना चाहिए. साथ ही क्या इतने लोगों के लिए उस शहर में होटल या अन्य इंतजाम हैं, इस पर भी UEFA को विचार करना चाहिए.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Special Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.