FIFA World Cup: वर्ल्ड कप में कोलंबिया का शानदार आगाज, पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया

Written By: : Parinay Kumar
Updated Date:June 18, 2026 2:06 PM IST

FIFA World Cup Colombia vs Uzbekistan: कोलंबिया ने अब तक 6 वर्ल्ड कप खेले हैं, लेकिन उनमें से चार बार उसे अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा था.

FIFA World Cup Colombia vs Uzbekistan: फीफा वर्ल्ड कप में कोलंबिया ने शानदार आगाज किया है. कोलंबिया ने वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 3-1 से शिकस्त दी. ग्रुप (K) के मुकाबले में कोलंबिया की ओर से लुइस डियाज (Luis Diaz) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने एक गोल करने के साथ-साथ एक असिस्ट (गोल करने में मदद) भी किया. 2022 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाने के बाद टूर्नामेंट में लौटी कोलंबिया का रिकॉर्ड इस मुकाबले से पहले वर्ल्ड कप के पहले मैचों में खराब रहा था. कोलंबिया ने अब तक 6 वर्ल्ड कप खेले हैं, लेकिन उनमें से चार बार उसे अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा था.

Advertising
Advertising

मुनोज ने कोलंबिया को दिलाई बढ़त

मैच के शुरुआती पलों में दोनों टीमों की तरफ से अटैकिंग अप्रोच देखने को मिली. कोलंबिया को 17वें मिनट में पहला बड़ा मौका मिला, जब जॉन एरियास का लंबी दूरी का शॉट साइड नेटिंग से टकराया. इसके बाद 32वें मिनट में लुइस डियाज ने शानदार मूव बनाया और डेनियल मुनोज के लिए गोल करने का बेहतरीन मौका तैयार किया. मुनोज ने बेहतरीन फिनिश करते हुए कोलंबिया को 1-0 की बढ़त दिला दी.

उज्बेकिस्तान के लिए किसने किया गोल?

पहले हाफ के अंत तक कोलंबिया का दबदबा बना रहा, लेकिन उज्बेकिस्तान की ओर से लड़ाई जारी रही. दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान ने जोरदार वापसी की. दोस्तोनबेक खामदामोव के प्रयास और एल्डोर शोमुर्दोव के क्रॉस के बाद अब्बोसबेक फैज़ुल्लाएव ने हेडर लगाकर शानदार गोल दागा. यह उज्बेकिस्तान के इतिहास का पहला वर्ल्ड कप गोल रहा. इस गोल के साथ ही उज्बेकिस्तान ने स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया.

लुइस डियाज ने वर्ल्ड कप में किया पहला गोल

कोलंबिया ने हालांकि, तुरंत जवाब दिया. स्टार खिलाड़ी लुइस डियाज ने नीचे की तरफ बेहतरीन शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर उतकिर युसुपोव पूरी तरह नहीं रोक सके और गेंद गोल लाइन पार कर गई. इस गोल के साथ कोलंबिया ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली. यह डियाज का पहला वर्ल्ड कप गोल भी रहा.

उज्बेकिस्तान को नहीं दिया डिफेंस का मौका

मैच के अंतिम मिनटों में उज्बेकिस्तान बराबरी की कोशिश करता रहा, लेकिन कोलंबिया के डिफेंस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया. इंजरी टाइम में कुचो हर्नांडेज ने दाईं ओर से शानदार खेल दिखाते हुए गेंद जैमिंटन कैम्पाज को पास की. कैम्पाज ने शानदार हेडर के जरिए तीसरा गोल कर कोलंबिया टीम की जीत पक्की कर दी.

(इनपुट: IANS)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें