FIFA World Cup 2026 से पहले सुरक्षा में बड़ी चूक, मेसी समेत पूरी अर्जेंटीना टीम का पासपोर्ट डेटा हुआ लीक

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:June 10, 2026 11:19 PM IST

लियोनेल मेसी समेत अर्जेंटीना टीम के खिलाड़ियों के पासपोर्ट डिटेल्स लीक हो गए हैं. जानिए FIFA की सुरक्षा इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई?

FIFA World Cup 2026 शुरू होने से पहले ही सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है. दरअसल, अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों की पर्सनल डिटेल लीक हो गईं. इसमें टीम के कप्तान लियोनेल मेसी (Lionel Messi) समेत सभी खिलाड़ियों के पासपोर्ट नंबर शामिल थे. बताया गया कि आइसलैंड के खिलाफ खेले गए प्री-वर्ल्ड कप फ्रेंडली मैच से पहले जारी की गई आधिकारिक टीम शीट में खिलाड़ियों के पासपोर्ट नंबर मौजूद थे, जिन्हें पहले ब्लर या हटाया जाना चाहिए था. लेकिन अमेरिका के अलबामा स्थित जॉर्डन-हेयर स्टेडियम में यह दस्तावेज बिना किसी एडिटिंग के मीडिया और अन्य लोगों तक पहुंच गया.

Advertising
Advertising

आइसलैंड खिलाड़ियों ने नहीं जमा किए पासपोर्ट?

दिलचस्प बात यह रही कि आइसलैंड टीम के खिलाड़ियों के पासपोर्ट नंबर लीक नहीं हुए, क्योंकि उनकी टीम ने आधिकारिक दस्तावेज में पासपोर्ट नंबर जमा ही नहीं किए थे. वहीं अर्जेंटीना टीम के सभी खिलाड़ियों की पर्सनल डिटेल सामने आ गई. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने इस मामले पर प्रतिक्रिया लेने के लिए अर्जेंटीना फुटबॉल फेडरेशन और FIFA से संपर्क किया. लेकिन रिपोर्ट लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था.

वर्ल्ड कप से पहले विवादों में घिरा टूर्नामेंट

यह पहली बार नहीं है, जब FIFA World Cup 2026 किसी विवाद की वजह से चर्चा में आया हो. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. जिसमें सेनेगल की टीम को अमेरिका के एक एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा जांच से गुजरते हुए दिखाया गया. वीडियो में स्टार खिलाड़ी सादियो माने और कालिदू कुलीबाली समेत पूरी टीम की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही थी. कई लोगों ने आरोप लगाया कि स्पेन जैसी अन्य टीमों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया गया. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने यह भी दावा किया कि उजबेकिस्तान की टीम के साथ भी इसी तरह की सख्त जांच की गई थी.

सोमालियाई रेफरी के साथ भी हुआ विवाद

टूर्नामेंट से जुड़ा एक और मामला रेफरी उमर आर्टन का है. वह FIFA World Cup में रेफरी बनने वाले पहले सोमाली अधिकारी बनने वाले थे और 2025 में अफ्रीका के सर्वश्रेष्ठ पुरुष रेफरी भी चुने गए थे. हालांकि, अमेरिका पहुंचने के बाद उन्हें वेटिंग कंसर्न का हवाला देते हुए प्रवेश देने से इनकार कर दिया गया. इसके बाद, FIFA ने उनका नाम टूर्नामेंट की रेफरी सूची से हटा दिया. बाद में वह मोगादिशु लौटे, जहां उनका स्वागत किया.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें