FIFA World Cup में अमेरिका का धमाकेदार आगाज, पराग्वे को 4-1 से धोया

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:June 13, 2026 4:01 PM IST

फीफा वर्ल्ड कप में अमेरिका ने पराग्व के खिलाफ अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है. उसने 4-1 से पटखनी देकर दमदार जीत दर्ज की.

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रमुख मेजबान अमेरिका ने पराग्वे को धोकर अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है. इस एकतरफा मुकाबले में अमेरिका ने पराग्वे को 4-1 से शिकस्त दी. FIFA रैंकिंग में अमेरिका 17वें पायदान की टीम थी, जबकि पराग्वे 41वीं रैंक पर था. इस धमाकेदार जीत के बाद अमेरिका 2 पायदान की उछाल के साथ 15वें पायदान पर आ गया है, जबकि पराग्वे एक पायदान नीचे गिरकर 42वें स्थान पर आ गया है.

Advertising
Advertising

अमेरिका की ओर से फोलारिन बालोगुन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए. अमेरिका की टीम पूरे मैच में हावी नजर आई और पराग्वे को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया. अमेरिका के लिए मैच की शुरुआत शानदार रही. मुकाबले के सातवें मिनट में ही अमेरिका ने 1-0 की बढ़त बना बना ली. डेमियन बोबाडिला ने पराग्वे के डिफेंस को भेदते हुए बेहतरीन गोल दागा.

मैच के 31वें मिनट में फोलारिन बालोगुन ने अमेरिका की बढ़त को दोगुना कर दिया. फोलारिन की शानदार स्किल्स के सामने पराग्वे का डिफेंस पूरी तरह से बेबस दिखाई दिया. पहले हाफ के इंजरी टाइम में फोलारिन का एक बार फिर दमदार खेल देखने को मिला और उन्होंने अमेरिका को मुकाबले में 3-0 से आगे कर दिया. पहले हाफ में ही अमेरिका की जीत लगभग पक्की हो गई.

हालांकि, दूसरे हाफ में पराग्वे ने आक्रामक खेल दिखाया और वापसी करने का प्रयास किया. टीम को मैच के 73वें मिनट में सफलता हाथ लगी. पराग्वे के सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी मॉरीसियो ने पराग्वे के लिए मैच में पहला गोल दागा. इसके बाद अमेरिका ने अपने खेल में आक्रामता बढ़ाई और पराग्वे के डिफेंस पर लगातार दबाव डाला. काफी प्रयास करने के बावजूद भी पराग्वे की टीम को गोल करने में सफलता हाथ नहीं लगी.

निर्धारित 90 मिनट के बाद स्टॉपेज टाइम में गियोवानी रेयना ने अमेरिका की बढ़त को 4-1 कर दिया. उन्होंने मैच की आखिरी सीटी बजने से ठीक पहले पराग्वे के डिफेंस को एक बार फिर भेदा और अमेरिका की दमदार जीत पर मुहर लगा दी. फोलारिन बालोगुन 1930 के बाद फीफा वर्ल्ड कप में दो गोल करने वाले पहले अमेरिकी खिलाड़ी बने. इस जीत के साथ ही अमेरिका ने टूर्नामेंट का आगाज शानदार अंदाज में किया है और टीम इस लय को आने वाले मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी.

(एजेंसी: आईएएनएस)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें