FIFA World Cup 2026: सबसे ज्यादा FIFA वर्ल्ड चैंपियन बन चुका है ये देश, जानिए कौन-सी टीम कितनी बार जीत चुकी है ये खिताब

Written By: Rishabh Kumar Updated by: Rishabh Kumar
Updated Date:June 10, 2026 5:28 PM IST

फीफा वर्ल्ड कप पहली बार 1930 में हुआ था. इस साल टूर्नामेंट की शुरूआत 11 जून से होने वाली है. ऐसे में आइए जानते हैं की अबतक सबसे ज्यादा FIFA वर्ल्ड चैंपियन कौन-सा देश बना है.

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप दुनिया का सबसे बड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट माना जाता है. इसमें अलग-अलग देशों की राष्ट्रीय टीमें हिस्सा लेती हैं और विश्व चैंपियन बनने के लिए मुकाबला करती हैं. पुरुषों का पहला फीफा वर्ल्ड कप साल 1930 में खेला गया था. इसके बाद हर चार साल में इस टूर्नामेंट का आयोजन होने लगा. महिला फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत काफी बाद में, साल 1991 में हुई. आज यह टूर्नामेंट दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल आयोजनों में गिना जाता है.

Advertising
Advertising

ब्राजील के नाम सबसे ज्यादा खिताब

पुरुष फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड ब्राजील के नाम है. ब्राजील ने अब तक पांच बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है. टीम ने 1958, 1962, 1970, 1994 और 2002 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. खास बात यह है कि ब्राजील अब तक खेले गए हर फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली एकमात्र टीम है. इसी वजह से उसे विश्व फुटबॉल की सबसे सफल टीमों में गिना जाता है.

पेले ने दिलाई थी पहली बड़ी सफलता

ब्राजील की पहली विश्व कप जीत साल 1958 में आई थी. उस समय टीम के स्टार खिलाड़ी पेले ने शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कई अहम गोल किए और ब्राजील को पहला खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई. पेले बाद में 1962 और 1970 में भी विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे. आज भी वे तीन विश्व कप जीतने वाले दुनिया के इकलौते फुटबॉलर माने जाते हैं.

जर्मनी और इटली भी पीछे नहीं

सबसे ज्यादा विश्व कप जीतने वाली टीमों की सूची में जर्मनी और इटली दूसरे स्थान पर हैं. दोनों देशों ने चार-चार बार ट्रॉफी जीती है. जर्मनी ने 1954, 1974, 1990 और 2014 में खिताब जीता था. वहीं इटली ने 1934, 1938, 1982 और 2006 में विश्व चैंपियन बनने का कारनामा किया. इटली लगातार दो विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी बनी थी. हालांकि पिछले कुछ वर्षों में इटली का प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा है.

अर्जेंटीना, फ्रांस और उरुग्वे का भी शानदार रिकॉर्ड

अर्जेंटीना ने अब तक तीन बार विश्व कप जीता है. टीम ने 1978, 1986 और 2022 में खिताब अपने नाम किया. फ्रांस और उरुग्वे ने दो-दो बार ट्रॉफी जीती है. उरुग्वे ने 1930 और 1950 में जीत हासिल की थी, जबकि फ्रांस ने 1998 और 2018 में विश्व कप अपने नाम किया. इंग्लैंड और स्पेन भी एक-एक बार चैंपियन बन चुके हैं. दिलचस्प बात यह है कि अब तक पुरुष विश्व कप केवल यूरोप और दक्षिण अमेरिका की टीमों ने ही जीता है.

महिला विश्व कप में अमेरिका का दबदबा

अगर महिला फीफा वर्ल्ड कप की बात करें तो संयुक्त राज्य अमेरिका यानी यूएसए सबसे सफल टीम है. अमेरिकी महिला टीम ने 1991, 1999, 2015 और 2019 में खिताब जीता. इसके अलावा जर्मनी ने दो बार, जबकि नॉर्वे, जापान और स्पेन ने एक-एक बार ट्रॉफी अपने नाम की है. महिला फुटबॉल में यूएसए का दबदबा लंबे समय से बना हुआ है और टीम लगातार मजबूत प्रदर्शन करती रही है.

पुरुष फीफा वर्ल्ड कप विजेता देश और साल

देश खिताब जीत का साल
ब्राजील 5 1958, 1962, 1970, 1994, 2002
जर्मनी 4 1954, 1974, 1990, 2014
इटली 4 1934, 1938, 1982, 2006
अर्जेंटीना 3 1978, 1986, 2022
फ्रांस 2 1998, 2018
उरुग्वे 2 1930, 1950
इंग्लैंड 1 1966
स्पेन 1 2010
Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें