भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता प्रमुख एमएसके प्रसाद को जमकर लताड़ा है. गंभीर और एमएसके के बीच 2019 विश्व कप टीम से बाहर किए गए बल्लेबाज अंबाती रायडू को लेकर ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ शो में जमकर नोंकझोंक हुई.
प्रसाद की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 2019 विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में रायडू को ना चुनकर हरफनमौला विजय शंकर को शामिल किया था. गंभीर ने इस दौरान पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह और टीम इंडिया से ड्रॉप किए गए बाएं हाथ के बललेबाज सुरेश रैना के चयन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए.
गंभीर ने कहा, ‘2016 में जब मुझे इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया था तो उस समय कोई बातचीत नहीं हुई थी. आप करुण नायर को देखिए, उन्हें कोई कारण नहीं बताया गया. आप युवराज सिंह को देखिए, सुरेश रैना को देखिए.’
‘हमें थ्री-डी प्लेयर की जरूरत क्यों हुई’
बकौल गंभीर, ‘देखिए, अंबाती रायडू के साथ क्या हुआ. आपने उन्हें दो साल के लिए टीम में रखा. इस दौरान उन्होंने चार नंबर पर बल्लेबाजी की. लेकिन विश्व कप से ठीक पहले आपको थ्री-डी प्लेयर की जरूरत पड़ गई. क्या सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन से ऐसे बयान की अपेक्षा की जाती है कि हमें थ्री-डी प्लेयर की जरूरत है.’
एमएसके ने इस तरह से किया अपना बचाव
प्रसाद ने इस पर कहा, ‘टीम में ऊपरी क्रम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, शिखर धवन जैसे बल्लेबाज थे. इनमें से कोई भी गेंदबाजी नहीं कर सकते थे. ऐसे में इंग्लैंड की परिस्थितियों के अनुसार, हमें एक ऐसा खिलाड़ी चाहिए था, जो ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करने के अलावा गेंदबाजी भी कर पाए. इसलिए विजय शंकर को चुना गया.’
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.