जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से रौंदकर FIFA World Cup 2026 में किया धमाकेदार आगाज, काई हैवर्ट्ज ने दागे दो गाल

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:June 15, 2026 10:37 AM IST

4 बार की चैम्पियन जर्मनी के सामने पहली बार फुटबॉल वर्ल्ड कप में आई कुराकाओ की टीम 7-1 के बड़े अंतर से हार गई. इस बीच उसने जर्मनी पर किए अपने पहले वर्ल्ड कप गोल से कई फैन्स का दिल जीत लिया.

चार बार की वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है. जर्मनी ने ग्रुप ई के पहले मैच में कुराकाओ के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 7-1 से जीत दर्ज की. मैच की शुरुआत जर्मनी के लिए बेहद शानदार रही. सिर्फ छह मिनट के भीतर फेलिक्स नेमेचा ने फ्लोरियन विर्ट्ज के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए पहला गोल दागा. यह टूर्नामेंट का अब तक का सबसे तेज गोल रहा. शुरुआती बढ़त मिलने के बाद जर्मनी लगातार आक्रमण करता रहा.

Advertising
Advertising

हालांकि,साइज और आबादी दोनों में वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने वाला अब तक का सबसे छोटा देश कुराकाओ ने पहले हाफ में ही गोल करते हुए सभी को चौंका दिया. करीब 1.55 लाख की आबादी और मात्र 171 वर्ग मील क्षेत्रफल वाले कैरेबियाई देश कुराकाओ ने अपने प्रशंसकों को यादगार पल दिया, जब मिडफील्डर लिवानो कोमेनेंसिया ने शानदार गोल कर टीम के लिए इतिहास रच दिया. उनका शॉट डिफ्लेक्ट होकर जर्मनी के अनुभवी गोलकीपर मैनुअल न्यूएर को चकमा देता हुआ जाल में पहुंच गया.

कुराकाओ के पास बढ़त लेने का भी मौका था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सका. इसके बाद जर्मनी ने फिर से खेल पर नियंत्रण बना लिया. निको श्लोटरबेक ने कॉर्नर किक पर शानदार हेडर लगाकर जर्मनी को 2-1 की बढ़त दिला दी. पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में जर्मनी को पेनल्टी मिली, जब रीचेडली बाजोर ने एरिया में शानदार नेमेचा पर फाउल किया. काई हैवर्ट्ज ने बिना कोई गलती किए पेनल्टी का फायदा उठाते हुए जर्मनी की लीड को 3-1 कर दिया. इस तरह पहले हाफ के अंत तक जर्मनी 3-1 से आगे रहा.

दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही जर्मनी ने मुकाबला पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया. खेल शुरू होने के सिर्फ 69 सेकंड बाद जमाल मुसियाला ने शानदार गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया. इसके बाद कुराकाओ की वापसी की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं। जर्मनी ने लगातार आक्रमण जारी रखा.

नैथेनियल ब्राउन ने अपने वर्ल्ड कप डेब्यू पर गोल कर जर्मनी की बढ़त को 5-1 कर दिया. इसके कुछ देर बाद डेनिज उन्दाव ने भी गोल दागकर स्कोर 6-1 पर पहुंचा दिया. उन्दाव ने सिर्फ गोल ही नहीं किया, बल्कि टीम के सातवें गोल में भी अहम भूमिका निभाई. उनके शानदार पास पर काई हैवर्ट्ज ने मैच का अपना दूसरा गोल किया और जर्मनी की 7-1 की बड़ी जीत सुनिश्चित कर दी.

(एजेंसी: आईएएनएस)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें