हॉकी वर्ल्ड कप 2023: भारत की हार के बाद ग्राहम रीड ने दिया इस्तीफा

हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. वह क्वॉर्टर फाइनल से पहले ही क्रॉस ओवर मैच में न्यूजीलैंड से हारकर बाहर हो गई और 9वें स्थान पर रही.

Written by: IANS Edited by: Arun Kumar
Published: January 30, 2023, 6:19 PM IST

हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम से बहुत उम्मीदें थीं लेकिन भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में क्रॉस ओवर राउंड में ही बाहर हो गई और वह क्वॉर्टर फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई. टीम इंडिया को संयुक्त रूप से 9वां स्थान हासिल हुआ, जिसके बाद ग्राहम रीड ने भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच और खिलाड़ी ने भुवनेश्वर में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफा सौंप दिया. इस बारे में हॉकी इंडिया ने सोमवार को जानकारी दी.

मेजबान भारत को 2021 में टोक्यो खेलों में कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक में चार दशक के सूखे को समाप्त करने के बाद पदक के दावेदार के रूप में देखा जा रहा था. रीड के अलावा पुरुष टीम के विश्लेषणात्मक कोच ग्रेग क्लार्क और सलाहकार मिशेल डेविड पेम्बर्टन ने भी सोमवार सुबह इस्तीफा दे दिया. तीनों अगले महीने अपनी नोटिस अवधि पूरी करेंगे.

तीनों ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष के साथ महासचिव भोलानाथ सिंह के साथ टीम के प्रदर्शन और आगे की रणनीति को समझने और विश्लेषण करने के लिए खिलाड़ियों और टीम के सहायक अधिकारियों के साथ मुलाकात के बाद पद छोड़ने का फैसला किया.

रीड ने अप्रैल 2019 में भारतीय टीम के मुख्य कोच के रूप में पदभार संभाला था. उनका शुरुआती कार्यकाल अगस्त 2020 तक था लेकिन टोक्यो ओलंपिक के एक साल के लिए स्थगित होने के बाद अनुबंध की अवधि बढ़ा दी गई थी.

रीड और उनके सहायक स्टाफ की टीम ओलंपिक खेल टोक्यो 2020 में भारतीय टीम के ऐतिहासिक कांस्य पदक, 2022 में राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक के साथ-साथ 2021/22 में एफआईएच हॉकी प्रो लीग सीजन में तीसरा स्थान हासिल करने का हिस्सा रही है.

टीम के साथ मुख्य कोच के रूप में रीड की सफल यात्राओं में 2019 में एफआईएच सीरीज की फाइनल खिताब जीत और 2019 में भुवनेश्वर में क्वॉलीफायर में रूस को हराकर ओलंपिक खेल टोक्यो 2020 के लिए क्वालीफाई करना शामिल है.

भारतीय टीम के साथ 2019 से अपने कार्यकाल के बारे में बात करते हुए रीड ने कहा, ‘अब मेरे लिए पद छोड़ने का समय आ गया है. टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करना सम्मान और सौभाग्य की बात है. मैंने इस शानदार यात्रा के हर पल का आनंद लिया है। मैं टीम को शुभकामनाएं देता हूं.’

ग्रेग क्लार्क और मिचेल पेम्बर्टन के साथ रीड का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, ‘भारत हमेशा ग्राहम रीड और उनके सहयोगी स्टाफ के प्रति आभारी रहेगा, जिन्होंने देश के लिए, खासकर ओलंपिक खेलों में अच्छे परिणाम लाए हैं. जैसा कि सभी यात्राएं अलग-अलग चरणों में चलती हैं, अब समय आ गया है कि हम अपनी टीम के लिए एक नए दृष्टिकोण की ओर बढ़ें.

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.