By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Sports Hindi
- Historic Year 2021 For Indian Football Sunil Chhetri Overtakes Veteran Pele India Wins 8th Saif Title
साल 2021 में भारतीय फुटबॉल; दिग्गज पेले से आगे निकले सुनील छेत्री, भारत ने आठवां सैफ खिताब जीता
इस साल भारतीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने अंतरराष्ट्रीय गोलों के मामले में फुटबॉल के जादूगर पेले को पीछे छोड़ दिया।
भारतीय फुटबॉल को साल 2021 में कोई बड़ी सफलता नहीं मिली। पचास और साठ के दशक का अपना खोया गौरव लौटाने की कोशिश में जुटी टीम उस पल का इंतजार ही करती रही जो देश में इस खेल की दशा और दिशा बदल सके।
भारत ने रिकॉर्ड आठवीं बार सैफ चैंपियनशिप जीती लेकिन एक क्षेत्रीय टूर्नामेंट में जीत से बहुत कुछ बदलने वाला नहीं है। बड़ी टीमों के खिलाफ जीत दर्ज करनी जरूरी है। ऐसे मौके भी आए लेकिन ऐन पलों में लय गंवाने से भारत को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।
फीफा विश्व कप 2022 क्वालिफायर में भारत ने आठ मैचों में चार ड्रॉ खेले, तीन हारे और बस एक जीतकर कुल सात अंक बनाए। भारतीय टीम ने छह गोल किए और सात गंवाए और एक बार फिर दूसरे दौर की बाधा पार नहीं कर सकी। भारत क्वालीफायर के ग्रुप ई में कतर और ओमान के बाद तीसरे स्थान पर रहा। अभी भी भारत के पास 2023 एएफसी एशियन कप के जरिए क्वालिफिकेशन का मौका है।
सुनील छेत्री ने नेपाल के खिलाफ सैफ चैम्पियनशिप में पहला गोल करते हुए पेले को पीछे छोड़ा। अब उनके अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 80 गोल हो गए हैं और उन्होंने लियोनेल मेस्सी की बराबरी कर ली।
भारत ने बांग्लादेश से ड्रॉ खेला और श्रीलंका से गोलरहित बराबरी की जिसकी काफी आलोचना हुई। भारतीय टीम हालांकि समय रहते वापसी करके टूर्नामेंट जीता। इससे मुख्य कोच इगोर स्टिमक के कार्यकाल में भी एक साल का विस्तार हो गया।
महिला फुटबॉल टीम ने दक्षिण अमेरिका का दौरा करके ब्राजील जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ मैच खेला। अगले साल अपनी मेजबानी में एएफसी एशियन कप और अंडर 17 फीफा विश्व कप की तैयारी में जुटी भारतीय महिला टीम ने 14 में से 11 मैच गंवाए। एएफसी महिला एशियन कप में भारत को ईरान, चीनी ताइपे और चीन के साथ रखा गया है।
इस साल इंडियन सुपर लीग की टीम एफसी गोवा ने एएफसी चैम्पियंस लीग खेलकर इतिहास रचा। ये कमाल करने वाला वो पहला भारतीय क्लब है।
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें