FIFA World Cup 2026: चैम्पियन बनने वाले स्पेन और उपविजेता अर्जेंटीना को मिलेगा कितना इनाम? यहां जान लें...

Written By: : Arun Kumar
Updated Date:July 20, 2026 6:00 AM IST

फीफा वर्ल्ड कप को 23वां चैम्पियन मिल गया है. स्पेन ने तीन बार की चैम्पियन अर्जेंटीना को हराकर दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया. यहां जाने खिताब जीतने के बाद उन्हें मिलेगा कितना इनाम...

  • FIFA वर्ल्ड कप चैम्पियन स्पेन को मिलेंगे ₹500 करोड़ से ज्यादा
  • अर्जेंटीना की टीम को उपविजेता बनने पर मिलेंगे ₹339 करोड़
  • 16 साल बाद स्पेन ने जीता अपना दूसरा वर्ल्ड कप खिताब
  • 7 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में अर्जेंटीना की चौथी हार

फीफा वर्ल्ड कप में स्पेन ने इतिहास रचते हुए अपना दूसरा खिताब अपने नाम कर लिया. उसने तीन बार की चैम्पियन अर्जेंटीना को 1-0 से मात दी. इस मैच का फैसला एक्स्ट्रा टाइम में हुआ, नियमित समय में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर पाईं तो मैच एक्स्ट्रा टाइम तक खिंचा. यहां एक्स्ट्रा टाइम के दूसरे हाफ (106वें मिनट में) स्पेन की ओर से फेरेन टोरेस ने गोल दागकर इतिहास रच दिया. यह इस मैच का एकमात्र गोल साबित हुआ, जिसके बूते स्पेन ने अपना दूसरा वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया. इससे पहले वह 2010 में नीदरलैंड्स को हराकर चैम्पियन बनी थी.

Advertising
Advertising

स्पेन ने खेला दूसरा फाइनल, दोनों जीते

स्पेन ने अपने वर्ल्ड कप इतिहास में सिर्फ दो ही फाइनल खेले हैं और फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में वह अजेय बनी हुई है. दूसरी ओर अर्जेंटीना की बात करें तो वह लगातार दूसरा खिताब जीतने के मकसद से मैदान पर उतरी थी. तीन बार की चैम्पियन अर्जेंटीना 7वीं बार फाइनल में थी और उसे चौथी बार हार का सामना करना पड़ा. फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में आज तक दो ही टीमें ऐसी रही हैं, जिन्होंने बैक टू बैक (लगातार 2 बार) यह खिताब अपने नाम किया.

दूसरी बार बैक टू बैक वर्ल्ड चैम्पियन बनने से चूका अर्जेंटीना

सबसे पहले इटली ने (1934 और 1938) में लगतार दो बार खिताब जीता था. इसके बाद ब्राजील की टीम (1958 और 1962) में लगातार 2 बार यह खिताब जीत पाई. अर्जेंटीना की टीम दूसरी बार यह इतिहास दोहराने से चूक गई. 1986 में वर्ल्ड कप खिताब जीतने के बाद वह 1990 में भी फाइनल में पहुंची थी, जहां पश्चिमी जर्मनी ने उसे ऐसा करने से रोक दिया था. अब 2022 का खिताब जीतकर वह इस बार भी फाइनल में थी, जहां स्पेन ने उसे आखिरी बाजी जीतने से रोक दिया.

₹339 करोड़ रुपये लेकर जाएगा अर्जेंटीना

इस फीफा वर्ल्ड कप का रनरअप बनने के बाद अर्जेंटीना को मिलने वाली कैश प्राइज की बात करें तो उसकी टीम को फीफा से उपविजेता बनने के लिए 33 मिलियन डॉलर यानी (315 करोड़ रुपये) मिलेंगे. इसके अलावा उसे 2.5 मिलियन डॉलर (₹24 करोड़) की अतिरिक्त राशि मिलेगी, जो टूर्नामेंट की तैयारी के लिए मिलना पहले ही तय है, यानी उसे कुल 339 करोड़ रुपये की धनराशि मिलेगी.

 स्पेन ने जीती ₹500 करोड़ से ज्यादा की रकम

वहीं चैम्पियन बनने वाली स्पेन की टीम 500 करोड़ रुपये यहां से लेकर जाएगी. FIFA ने चैम्पियन बनने वाली टीम के लिए 50 मिलियन डॉलर यानी 478 करोड़ रुपये तय किए हैं, जबकि 2.5 मिलियन डॉलर प्रिपरेशन मनी के तौर पर पहले ही रिजर्व हैं, जो टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 48 टीमों को मिलना तय हैं. ऐसे में स्पेन की टीम यहां से कुल 52.5 मिलियन डॉलर यानी कुल 502 करोड़ रुपये अपनी झोली में लेकर जाएगी.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें