India at Paris Olympics 2024: क्या तीरंदाजी में खत्म होगा 36 साल का पदकों का सूखा? भारत इस खेल में खाता खोलने उतरेगा

India at Paris Olympics 2024: भारत ने ओलंपिक में तीरंदाजी में पहली बार 1988 में भाग लिया था, तब से भारतीय तीरंदाज लगभग हर ओलंपिक खेल में हिस्सा ले रहे हैं लेकिन अभी तक पोडियम तक पहुंचने में नाकाम रहे हैं.

Published date india.com Published: July 24, 2024 8:41 PM IST
India at Paris Olympics 2024: क्या तीरंदाजी में खत्म होगा 36 साल का पदकों का सूखा? भारत इस खेल में खाता खोलने उतरेगा
India archery contingent

पेरिस: 26 जुलाई से शुरू होने जा रहे पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय तीरंदाजी दल पहली बार पदक जीतने के इरादे से उतरेगा. भारत ने ओलंपिक में तीरंदाजी में पहली बार 1988 में भाग लिया था, तब से भारतीय तीरंदाज लगभग हर ओलंपिक खेल में हिस्सा ले रहे हैं लेकिन अभी तक पोडियम तक पहुंचने में नाकाम रहे हैं. पेरिस ओलंपिक में भारतीय तीरंदाज गुरुवार को लेस इनवैलिड्स गार्डन में क्वालीफिकेशन राउंड के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे.

लंदन ओलंपिक 2012 के बाद यह पहला अवसर है जबकि भारतीय टीम में सभी छह खिलाड़ी शामिल हैं. भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने रैंकिंग के आधार पर ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया जिसका मतलब है कि इस बार भारतीय तीरंदाज पांच स्पर्धाओं में भाग लेंगे.

अनुभवी तरुणदीप राय और दीपिका कुमारी अपने चौथे ओलंपिक में भाग ले रहे हैं। उनकी अगुवाई में टीम को पसंदीदा ड्रॉ हासिल करने के लिए क्वालिफिकेशन में कम से कम शीर्ष 10 में जगह बनानी होगी.

Paris Olympics 2024: रिकॉर्ड 5वां ओलंपिक खेलने उतरेंगे अचंता शरत कमल, अपने सबसे यादगार पल को किया याद

प्रत्येक तीरंदाज 72 तीर चलाएगा और क्वालिफिकेशन दौर में भाग ले रहे 53 देश के 128 खिलाड़ियों के स्कोर के आधार पर रविवार से शुरू होने वाली मुख्य नॉकआउट प्रतियोगिता के लिए वरीयता तय की जाएगी. भारतीय टीम के लिए क्वालीफिकेशन दौर महत्वपूर्ण होगा जो अक्सर निचली वरीयता हासिल करती रही हैं और ऐसे में नॉकआउट चरण में उन्हें दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत टीम का सामना करना पड़ता है.

तोक्यो ओलंपिक में भारत के सभी पुरुष तीरंदाज शीर्ष 30 में जगह नहीं बना पाए थे जिससे भारतीय टीम को नौवीं वरीयता मिली थी। भारत की एकमात्र महिला तीरंदाज दीपिका ने नौवां स्थान हासिल किया था। भारत को तब अपने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया से हार का सामना करना पड़ा था.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

भारत को पुरुष टीम से काफी उम्मीद है जिसने इस साल शंघाई में विश्व कप के फाइनल में कोरिया को हराकर इतिहास रचा था. भारतीय टीम में राय और पिछले ओलंपिक में भाग लेने वाले प्रवीण जाधव के रूप में अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं जबकि युवा खिलाड़ी धीरज बोम्मादेवरा एक महीने पहले अंताल्या विश्व कप में तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता इटली के मौरो नेस्पोली को हराकर कांस्य पदक जीत कर उत्साह से लबरेज होंगे.

Paris Olympics India Schedule: पेरिस ओलंपिक में भारत का फुल शेड्यूल, इवेंट की तारीख, समय और लाइव स्ट्रीमिंग

महिला वर्ग में सभी की निगाहें दीपिका पर टिकी रहेंगी. उन्होंने मां बनने के 16 महीने के अंदर शंघाई में विश्व कप के पहले चरण में रजत पदक जीत कर शानदार वापसी की थी. महिला टीम में उनके साथ देने के लिए अंकिता भक्त और भजन कौर हैं। इन दोनों का यह पहला ओलंपिक होगा लेकिन वह वर्तमान ओलंपिक चक्र में भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं और उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.

धीरज और दीपिका अगर रैंकिंग राउंड में शीर्ष पर रहते हैं तो फिर रिकर्व मिश्रित टीम में उनसे पदक की उम्मीद की जा सकती है. भारतीय तीरंदाज ओलंपिक में अभी तक क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। भारत तीरंदाजी में केवल सिडनी ओलंपिक 2000 में क्वालीफाई नहीं कर पाया था. इसके अलावा उसने सभी ओलंपिक खेलों में भाग लिया लेकिन अपने प्रदर्शन में सुधार नहीं कर पाया.

पेरिस ओलंपिक में पुरुष टीम का फाइनल सोमवार को जबकि व्यक्तिगत एलिमिनेशन मंगलवार को शुरू होगा. मिश्रित टीम का फाइनल अगले शुक्रवार को तथा उसी सप्ताहांत में महिला और व्यक्तिगत फाइनल होंगे.

(भाषा)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.