एडिलेड: सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (145) के तेज शतक के बाद कप्तान माइकल क्लार्क (रिटायर्ड हर्ट 60) तथा स्टीवन स्मिथ (नाबाद 72) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने एडिलेड ओवल मैदान पर मंगलवार को भारत के साथ शुरू हुए कामनवेल्श टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट पर 354 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करने वाली मेजबान टीम के लिए स्मिथ नाबाद लौटे। विकेटकीपर ब्रैड हेडिन (0) का विकेट गिरने के साथ ही दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा हुई। भारत ने 89.2 ओवर गेंदबाजी की।
भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम सत्र में तीन विकेट लेकर वापसी की कोशिश जरूर कि लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। भारत की ओर से वरुण एरॉन और मोहम्मद समी ने दो-दो विकेट लिए हैं जबकि इशांत शर्मा और अपना पहला टेस्ट खेल रहे कर्ण शर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की है।
स्मिथ ने अपनी 130 गेंदों की नाबाद पारी में नौ चौके लगाए हैं। स्मिथ ने मिशेल मार्श (41) के साथ पांचवें विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की। उससे पहले स्मिथ ने डेविड वार्नर के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। स्मिथ अपने कप्तान के रिटायर्ड हर्ट होने के बाद विकेट पर आए और टीम को सम्भालने के साथ-साथ अपनी इस पारी के दौरान कई खुबसूरत शॉट्स लगाए।
दिन का खेल वार्नर के नाम रहा, जिन्होंने 163 गेंदों का सामना कर शानदार 145 रन बनाए। वार्नर की पारी में 19 चौके शामिल हैं। वार्नर ने क्रिस रोजर्स (9) के साथ पहले विकेट के लिए 50, शेन वॉटसन (14) के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 और कप्तान क्लार्क के साथ तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी निभाई।
आस्ट्रेलिया ने रोजर्स के रूप में पहला विकेट गंवाया। शुरूआत से ही असहज दिख रहे रोजर्स को इशांत शर्मा ने 50 के कुल योग पर स्लिप में शिखर धवन के हाथों कैच कराया। रोजर्स ने 22 गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया।
वॉटसन का विकेट 88 के कुल योग पर गिरा। वार्नर की तूफानी बल्लेबाजी के दौरान जमकर ‘मार’ खाने वाले वरुण एरॉन ने वॉटसन को स्लिप में धवन के हाथों कैच कराया। वॉटसन ने 33 गेंदों की पारी में तीन चौके लगाए।
वॉटसन की विदाई के बाद क्लार्क ने वार्नर के साथ जमकर बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजी की खबर लीष दोनों ने काफी तेजी से रन बटोरे। क्लार्क 206 रन के कुल योग पर रिटायर्ड हर्ट हुए। क्लार्क ने अपनी 84 गेंदों की पारी में नौ चौके लगाए।
पूर्व टेस्ट बल्लेबाज फिलिप ह्यूज की असयम मौत के बाद आस्ट्रेलियाई टीम पहला टेस्ट मैच खेल रही है। पारी के चौथे ओवर की पहली गेंद पर एरॉन द्वारा वार्नर पर बाउंसर से प्रहार किए जाने के बाद दर्शकों ने ताली बजाकर क्रिकेट के फिर से पुराने रंग में लौटने के पल का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि ह्यूज की मौत सीन एबॉट के एक बाउंसर के सिर पर लगने के कारण ही हुई थी।
वार्नर अपनी नाबाद पारी के दौरान जब 63 के योग पर पहुंचे थे, तब भी दर्शकों ने काफी देर तक ताली बजाकर इस स्कोर का अभिनंदन किया था क्योंकि इसी स्कोर पर नाबाद रहते हुए ह्यूज चोटिल होकर सिडनी क्रिकेट मैदान से बाहर ले जाए गए थे। इसके बाद ह्यूज फिर कभी मैदान का रुख नहीं कर सके। वार्नर ने आसमान की ओर बल्ले का रुख करते हुए ह्यूज को याद किया था।
वार्नर का विकेट 258 के कुल योग पर गिरा। वार्नर को कर्ण ने आउट करते हुए अपने टेस्ट करियर की पहली सफलता हासिल की। इसके बाद मार्श और स्मिथ ने स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। मार्श 87 गेंदों पर पांच चौके लगाने के बाद 345 के कुल योग पर वरुण की गेंद पर कप्तान कोहली के हाथों लपके गए।
समी ने 352 के कुल योग पर नेथन लियोन (3) और 354 के कुल योग पर हेडिन को आउट करके अपनी टीम की वापसी की कराई लेकिन तब तक आस्ट्रेलियाई टीम काफी अधिक रन बटोर चुकी थी। समी ने हेडिन को रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया और लियोन को बोल्ड किया।
इससे पहले, भारत ने अंतिम एकादश में अनुभवी स्पिन गेंदबाज की जगह लेग स्पिनर कर्ण शर्मा को शामिल किया। ऐसा करते हुए शायद कोहली अपनी आक्रमण पंक्ति में विविधता लाना चाहते थे। भारत ने पारंपरिक संयोजन- 6 बल्लेबाज, एक विकेटकीपर बल्लेबाज, तीन तेज गेंदबाज और एक स्पिन गेंदबाज के साथ खेलने का फैसला किया।
मैच शुरू होने से पहले दर्शकों ने 63 सेकेंड (फिलिप ह्यूज के जीवन की अंतिम पारी का स्कोर) तक खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। एडिलेड में जुटे दर्शकों ने 63 सेकेंड के मौन के दौरान रिची बेनो का वह वीडियो बड़े स्क्रीन पर देखा, जिसमें ह्यूज को श्रृद्धांजलि दी गई थी।
ह्यूज को इस मैच के लिए सांकेतिक तौर पर 13वां खिलाड़ी चुना गया है। ह्यूज को श्रृद्धांजलि देने के लिए आस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ी 408 नम्बर (ह्यूज की टेस्ट जर्सी का संख्या) की जर्सी के साथ मैदान में उतरे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बांह पर काली पट्टी लगा रखी थी। यह ह्यूज के प्रति शोक संकेत है।
मेजबान कप्तान माइकल क्लार्क ने टॉस के बाद स्वीकार किया कि उनके अच्छे दोस्त ह्यूज अभी उनके दिमाग पर हावी हैं। क्लार्क ने कहा, “मेरा छोटा दोस्त (ह्यूज) इस समय यही चाह रहा होता कि हम मैदान में जाएं और क्रिकेट खेलें।”
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.