By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Sports Hindi
- India Vs Bangladesh Highlights Icc Champions Trophy 2017 India Beat Bangladesh By 9 Wickets To Reach Into Final
चैंपियंस ट्रॉफीः भारत ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया, पाकिस्तान के साथ पक्की की फाइनल में भिड़ंत
भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह
टीम इंडिया ने गुरुवार को चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से रौंदते हुए फाइनल में धमाकेदार एंट्री की, जहां उसका सामना 18 जून को पाकिस्तान से होगा. भारत ने बांग्लादेश से जीत के लिए मिले 265 रन के लक्ष्य को रोहित शर्मा, विराट कोहली और शिखर धवन की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत बौना साबित करते हुए शान से फाइनल में जगह बना ली. टीम इंडिया चौथी बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है. इससे पहले वह 2000, 2002 और 2013 में फाइनल में पहुंचते हुए 2002 और 2013 में खिताब जीत चुकी है.
भारत ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से जीत का लक्ष्य महज 40.1 ओवरों में ही धवन का विकेट खोकर हासिल कर लिया. भारत के लिए रोहित शर्मा ने 129 गेंदों में 15 चौके और 1 छक्के की मदद से 123 और कोहली ने 78 गेंदों में 96 रन की नाबाद पारियां खेलीं जबकि धवन ने 46 रन बनाए. रोहित और धवन ने पहले विकेट के लिए 14.4 ओवरों में 87 रन जोड़ते हुए भारत को शानदार शुरुआत दिलाई. धवन 34 गेंदों में 46 रन बनाकर मुर्तजा का शिकार बने.

मैन ऑफ द मैच रोहित शर्मा ने अपने करियर का 11वां वनडे शतक बनाया (icc)
87 रन के स्कोर पर धवन के आउट होने के बाद रोहित और कोहली ने दूसरे विकेट की अविजित साझेदारी में 25.3 ओवरों में 178 रन जोड़े. इस साझेदारी ने बांग्लादेश को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. इन दोनों ने अपनी साझेदारी के दौरान सूझबूझ और आक्रामकता के मिश्रण का शानदार नमूना पेश किया. रोहित ने 111 गेंदों में 12 चौकों और 1 छक्के की मदद से अपना 11वां वनडे शतक पूरा किया. जबकि कोहली ने 42 गेंदों में 6 चौकों की मदद से अपनी 42वीं वनडे हाफ सेंचुरी पूरी की.

विराट ने 78 गेंदों पर 96 रन की धमाकेदार नाबाद पारी खेली (icc)
इस टू्र्नामेंट में ये दोनों ही बेहतरीन फॉर्म में रहे हैं. पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में रोहित ने 91 और कोहली ने 81 रन की पारी खेली थी. वहीं श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने 78 रन बनाए थे जबकि कोहली जीरो पर आउट हुए थे. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोहित ने 12 रन बनाए जबकि कोहली ने 76 रन की नाबाद पारी खेली थी.
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए बांग्लादेश की टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 264 रन बनाए. बांग्लादेश के लिए तमीम इकबाल ने सबसे अधिक 70 रन और मुशफिकुर रहीम ने 61 रन की पारी खेली. भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और केदार जाधव ने 2-2 और रवींद्र जडेजा ने 1 विकेट लिया.
एक समय बांग्लादेशी टीम 2 विकेट पर 154 रन बना चुकी थी लेकिन बांग्लादेशी टीम ने अपने आखिरी 5 विकेट 75 रन में गंवा दिए और 300 की तरफ बढ़ती दिख रही टीम 264 रन ही बना सकी.
31 रन के स्को पर 2 विकेट गंवाने के बाद बांग्लादेश के लिए तमीम इकबाल और मुशफिकुर रहीम ने तीसरे विकेट की साझेदारी में 123 रन जोड़े. तमीम ने सबसे अधिक 70 और मुशफिकुर रहीम ने 61 रन की पारी खेली. लेकिन इन दोनों के अलावा बांग्लादेश का कोई और बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं पाया. निचले क्रम में कप्तान मशरफे मुर्तजा ने 25 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 30 रन की पारी खेलते हुए बांग्लादेश का स्कोर 50 ओवर में 7 विकेट पर 264 रन बनाए.
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें