हॉकी में भी भारत का दबदबा, पाकिस्तान को 4-3 से हराकर दर्ज की शानदार जीत
एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. जानिए मैच के गोल स्कोरर और प्वाइंट्स टेबल के बारे में...
मैच में भारतीय टीम का दबदबा साफ नजर आया. (Photo from IANS)
- भारत ने FIH प्रो लीग में पाकिस्तान को 4-3 से हराया.
- एक गोल से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की.
- भारत की लगातार तीसरी जीत, पाकिस्तान अब भी बिना अंक के.
- 2016 के बाद से भारत का पाकिस्तान पर दबदबा जारी है.
FIH Pro League IND vs PAK: एफआईएच प्रो लीग 2025-26 के लंदन लेग में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. मैच की शुरुआत भारतीय टीम के लिए आसान नहीं रही और पाकिस्तान ने पहले ही क्वार्टर में बढ़त बना ली. लेकिन बाद में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए मुकाबला 4-3 से अपने नाम कर लिया.
पाकिस्तान ने शुरुआत की, भारत ने बदला मैच
लंदन के ली वैली हॉकी और टेनिस सेंटर में खेले गए मुकाबले के 8वें मिनट में पाकिस्तान के नदीम अहमद ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके टीम को बढ़त दिलाई. हालांकि, दूसरे क्वार्टर में भारत ने खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया. 21वें मिनट में अभिषेक ने बराबरी दिलाई और इसके सिर्फ तीन मिनट बाद नीलाकांता शर्मा ने गोल करके भारत को आगे कर दिया. तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने एक और गोल दागकर बढ़त मजबूत कर दी.
चौथे क्वार्टर में बढ़ा रोमांच, भारत रहा आगे
भारत ने चौथे क्वार्टर में भी आक्रामक खेल जारी रखा और 52वें मिनट में राजिंदर सिंह ने चौथा गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया. हालांकि, अंतिम 10 मिनट में भारतीय टीम से कुछ गलतियां हुईं जिसका फायदा पाकिस्तान ने उठाया. अबू महमूद और मोइन शकील ने लगातार दो गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन आखिर तक भारत अपनी बढ़त बचाने में सफल रहा.
आंकड़ों में भी भारत पूरी तरह भारी पड़ा
मैच में भारतीय टीम का दबदबा साफ नजर आया. भारत ने कुल 30 बार सर्कल में प्रवेश किया, जबकि पाकिस्तान केवल 9 बार ऐसा कर पाया. भारत को 11 पेनाल्टी कॉर्नर मिले जबकि पाकिस्तान को 8 मौके मिले. हालांकि, पाकिस्तान ने अपने तीनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर से किए. भारत ने पूरे मैच में बेहतर आक्रमण और गेंद पर नियंत्रण दिखाया.
प्वाइंट्स टेबल में फायदा
यह भारत की प्रो लीग में लगातार तीसरी जीत रही. 13 मैचों के बाद भारत के अब 13 अंक हो गए हैं और टीम 9 देशों की अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है. दूसरी तरफ पाकिस्तान अब तक अपने सभी 13 मैच हार चुका है और उसके खाते में एक भी अंक नहीं है. अब भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड से खेलेगी और फिर 26 जून को एक बार फिर पाकिस्तान से भिड़ेगी.
(इनपुट-एजेंसी के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें