
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने ‘निजी कारणों’ के चलते अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है. भाततीय हॉकी की दुनिया में इसे एक अप्रत्याशित घटना माना जा रहा है. हॉकी इंडिया ने देर शाम जारी बयान में पीटीआई-भाषा की इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, ‘भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने निजी कारणों से पद से इस्तीफा दे दिया है.’
हरेंद्र सिंह ने अप्रैल 2024 में ही पद संभाला था और समझा जा रहा था कि वह लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 तक टीम के साथ रहेंगे. सूत्रों ने बताया, तोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथे स्थान पर रही टीम के मुख्य कोच नीदरलैंड के शोर्ड मारिन की भारतीय टीम में इस पद पर वापसी हो सकती है. अचानक हुए घटनाक्रम में हरेंद्र सिंह ने हॉकी इंडिया को ईमेल भेजकर सूचित किया है कि वह तुरंत प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यह विशुद्ध रूप से उनका ‘निजी फैसला’ है.
इस फैसले के बारे में हरेंद्र ने विज्ञप्ति में कहा, ‘भारतीय महिला हॉकी टीम का कोच रहना मेरे करियर की बड़ी उपलब्धि रही है. मैंने निजी कारणों से इस्तीफा देने का फैसला किया है लेकिन मेरा दिल हमेशा इस बेहतरीन टीम के साथ रहेगा. हॉकी इंडिया के साथ सफर मेरे लिये खास रहेगा और मैं भारतीय हॉकी को शीर्ष स्तर तक ले जाने के उनके प्रयासों में सहयोग करता रहूंगा.’
सूत्रों ने बताया कि मारिन की भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच के रूप में वापसी हो सकती है, जिनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम तोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चौथे स्थान पर रही थी. मारिन ने अगस्त 2021 में महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दिया था.
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने बयान में कहा, ‘हम हरेंद्र सिंह को उनकी सेवाओं के लिये धन्यवाद देते हैं. भारतीय हॉकी के लिए उनकी प्रतिबद्धता जगजाहिर है. हम जल्दी ही उनके विकल्प की घोषणा करेंगे.’
वहीं हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा, ‘हम हरेंद्र सिंह को भारतीय टीम के लिए उनके योगदान को लेकर धन्यवाद देते हैं. भारतीय महिला टीम की क्वॉलीफायर्स के लिए तैयारी जारी रहेगी.’
हरेंद्र सिंह लखनऊ विश्व कप 2016 विजेता भारतीय जूनियर पुरूष हॉकी टीम के कोच रहे थे. वह भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में वापसी से पहले 2021 से 2024 तक अमेरिका की राष्ट्रीय पुरूष हॉकी टीम के कोच थे. वह सितंबर 2017 में भारतीय सीनियर महिला टीम के मुख्य कोच बने जिसने उस साल महिला एशिया कप जीता था.
इसके बाद वह मई 2018 में शोर्ड मारिन की जगह भारतीय पुरुष टीम के मुख्य कोच बने लेकिन जनवरी 2019 में खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें पद से हटा दिया गया था. इससे पहले वह तीन बार पुरुष टीम के अंतरिम मुख्य कोच भी रहे.
(एजेंसी: भाषा)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.