भारत ने खो-खो वर्ल्ड कप 2025 के पहले संस्करण में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का ताज पहना. 19 जनवरी को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने नेपाल को 38 पॉइंट्स के अंतर से हराया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने खो-खो के इतिहास में अपनी खास जगह बना ली. 78-40 के स्कोर के साथ, भारतीय टीम ने न केवल फाइनल में अपना दबदबा कायम रखा, बल्कि टूर्नामेंट की हर टीम को अपनी ताकत का एहसास कराया.
शुरुआत से ही किया शानदार प्रदर्शन
13 जनवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी की ओर आगे बढ़ी. उस मुकाबले में भारत ने 176 पॉइंट्स हासिल किए, जो टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर था. हर मैच में दबदबा दिखाने वाली भारतीय टीम ने फाइनल में भी अपने उसी अंदाज को बरकरार रखा. नेपाल, जो एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा था, पहले ही टर्न से भारतीय खिलाड़ियों के सामने टिक नहीं पाया.
फाइनल में दिखा भारत टीम का दबदबा
फाइनल मैच की शुरुआत में ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया. पहले टर्न में भारत ने नेपाल को डिफेंस में गलती करने पर मजबूर किया और 34-0 की बढ़त बना ली. दूसरे टर्न में नेपाल ने कुछ पॉइंट्स जुटाए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिए. तीसरे टर्न में भारत ने अपनी बढ़त को निर्णायक बना दिया. इस टर्न में भारतीय अटैकर्स ने अपनी रणनीति में तेजी लाते हुए स्कोर को 73-24 तक पहुंचा दिया. यह बढ़त इतनी बड़ी थी कि नेपाल की वापसी लगभग नामुमकिन हो गई थी.
खो-खो की नई ऊंचाइयों पर भारत
अंतिम टर्न में नेपाल ने बहुत कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें ज्यादा पॉइंट्स नहीं जुटाने दिए. आखिरकार, भारतीय टीम ने 78-40 की शानदार जीत के साथ वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम कर लिया. यह जीत भारतीय महिला खो-खो टीम के लिए ऐतिहासिक है. क्योंकि इसने भारत को खो-खो के वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है. भारतीय टीम की इस उपलब्धि ने खेल प्रेमियों के दिलों में गर्व और खुशी की लहर दौड़ा दी है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.