By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Sports Hindi
- Kkr Sets 192 Run Target For Kings Eleven Punjab In Ipl 2018
IPL 2018: केकेआर को 9 विकेट से पटखनी देकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा किंग्स इलेवन
पंजाब के लिए एंड्रयू टाई और बरिंदर शरण ने लिए 2-2 विकेट
कोलकाता: क्रिस गेल और लोकेश राहुल की धमाकेदार बल्लेबाजी से किंग्स इलेवन पंजाब ने बारिश से प्रभावित इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स को डकवर्थ लुईस पद्वति से नौ विकेट से पराजित किया. किंग्स इलेवन पंजाब की यह पांच मैचों में चौथी जीत है और वह आठ अंकों के साथ वह पहले स्थान पर काबिज हो गई. वहीं, केकेआर की यह छठे मैच में तीसरी हार है. उसके छह अंक हैं.
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर क्रिस लिन की 74 रन (41 गेंद में छह चौके और चार छक्के) की अर्धशतकीय पारी के बाद उनकी रोबिन उथप्पा (34 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिये 72 और कप्तान दिनेश कार्तिक (43 रन, 28 गेंद में छह चौके) के साथ चौथे विकेट 62 रन की भागीदारी की बदौलत केकेआर ने सात विकेट पर 191 रन बनाए.
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब को बारिश के व्यवधान के कारण 13 ओवर में 125 रन का लक्ष्य मिला. उसने 11.1 ओवर में एक विकेट पर 126 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. सलामी बल्लेबाज गेल (नाबाद 62 रन, 38 गेंद में पांच चौके और छह छक्के) और लोकेश राहुल (60 रन, 27 गेंद में नौ चौके और दो छक्के) ने फिर से टीम को अच्छी शुरूआत दिलाई. इन दोनों के प्रयास से जब पंजाब ने 8.2 ओवर में बिना किसी नुकसान के 96 रन बनाए थे तभी बारिश आ गई.
बारिश थमने के बाद किंग्स इलेवन को 28 गेंदों पर 29 रन की चुनौती मिली. गेल ने जहां पर पारी रोकी थी वहीं से शुरुआत की. बारिश से पहले उन्होंने पीयूष चावला पर गगनभेदी छक्का जड़ा था. इस गेंदबाज की लगभग डेढ़ घंटे बाद की गई अगली गेंद को भी उन्होंने छह रन के लिये भेजा और अपना अर्धशतक पूरा किया.
राहुल ने भी सुनील नारायण की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अगली दो गेंदों पर चौके लगाए लेकिन अगली गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच दे बैठे. गेल ने टाम कुर्रेन की गेंद पर विजयी छक्का लगाया.
इससे पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही. उसने दूसरे ही ओवर में सुनील नारायण (01) का विकेट गंवा दिया, तब स्कोर एक विकेट पर छह रन था. मुजीबुर रहमान की गेंद को नारायण ने हवा में उछाल दिया और करूण नायर ने शानदार कैच लपका. इसके बाद सलामी बल्लेबाज लिन और उथप्पा ने मिलकर दूसरे विकेट के लिये 72 रन जोड़कर अच्छा स्कोर बनाने की ओर कदम बढ़ाए.
पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने इस साझेदारी को आगे नहीं बढ़ने दिया और उथप्पा को गुडलेंथ गेंद पर मिडविकेट पर कैच आउट कराया जिन्होंने 23 गेंद खेलकर अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का जमाया. इस तरह अश्विन ने 10 टी20 मैचों में पांचवीं बार उथप्पा का विकेट झटका. नीतिश राणा (03) क्रीज पर उतरे, लेकिन वह योगदान नहीं कर सके और अगले ही ओवर में रन आउट हो गये. राणा एक रन लेने के लिये पिच पर आधी दूरी पर आ गए थे लेकिन लिन ने उन्हें वापस लौटने का इशारा किया पर तब तक देर हो चुकी थी. कार्तिक और लिन ने मिलकर चौके और छक्के जड़ते हुए चौथे विकेट के लिये अर्धशतकीय साझेदारी निभा ली.
टीम ने 11.1 ओवर में कार्तिक के चौका लगाने से 100 रन पूरे किए, जिससे ऐसा लग रहा था कि टीम 200 रन तक पहुंच जाएगी. लिन ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर युवराज सिंह पर दो रन लेकर 30 गेंद में चार चौके और तीन छक्के से अपने 50 रन पूरे किये. अगले ओवर में लिन ने आक्रामकता दिखाते हुए एंड्रयू टाई (30 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर 103 मीटर ऊंचा गगनचुंबी छक्का जड़ा. अंतिम गेंद पर पंजाब ने लिन को आउट करने का अच्छा मौका गंवा दिया जब बरिंदर सरन (50 रन देकर दो विकेट) ने डीप एक्सट्रा कवर पर उनका कैच छोड़ दिया.
टाई ने ही लिन की शानदार पारी का अंत किया, गेंद उनके बल्ले को चूमती हुई सीधे विकेटकीपर लोकेश राहुल के हाथों में समा गई. आंद्रे रसेल (10 रन) सात गेंद ही खेल पाए थे कि बरिंदर सरन का शिकार बन गये. शुभमान गिल 14 और पीयूष चावला दो रन बनाकर नाबाद रहे.
Also Read:
-
T20 World Cup 2026: एक ही मैच में टूटे क्रिस गेल के 2 बड़े रिकॉर्ड, वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को धूल चटाई
-
IND vs SA: रोहित शर्मा के तूफान में उड़ा शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड, बने- वनडे में सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने वाले बल्लेबाज
-
Unique Cricket Records: टेस्ट-वनडे में दोहरा शतक, T20I में भी सेंचुरी, सिर्फ 3 ही बल्लेबाज कर पाए ये करिश्मा
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें