लियोनेल मेस्सी भारत में खेलेंगे इंटरनेशनल मैच, केरल करेगा अर्जेंटीना की मेजबानी

केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने बताया कि सरकार ने अर्जेंटीना का एक इंटरनेशनल मैच आयोजित करने की योजना बनाई है, जिसे 50 हजार दर्शक स्टेडियम आकर देख सकेंगे.

Published date india.com Updated: November 20, 2024 3:12 PM IST
Leonel Messi Argentina
लियोनेल मेसी @Instagarm

तिरुवनंतपुरम. स्टार फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) के भारतीय फैन्स के लिए खुशखबरी है. यह स्टार खिलाड़ी और उनकी राष्ट्रीय टीम अर्जेंटीना भारत आकर इंटरनेशनल मैच खेलती दिखाई देगी. केरल सरकार ने इस इंटरनेशनल मैच के आयोजन की योजना तैयार की है, जिसे अर्जेंटीना के टीम मैनेजमेंट ने भी स्वीकार कर लिया है. केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने बुधवार को यह घोषणा की. हालांकि अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि अर्जेंटीना का यह मैच किस टीम के खिलाफ आयोजित किया जाएगा. क्या अर्जेंटीना भारत के खिलाफ कोई दोस्ताना मैच खेलेगी या फिर किसी और देश की टीम यहां खेलने मैदान पर उतरेगी.

केरल सरकार की ओर से फिलहाल यह जानकारी दी गई है कि लियोनेल मेस्सी की अगुवाई में अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम अगले साल एक इंटरनेशनल मैच के लिए राज्य का दौरा करेगी. यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने कहा कि मैच राज्य सरकार की पूर्ण निगरानी में आयोजित किया जाएगा.

इस हाई-प्रोफाइल फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सभी वित्तीय सहायता राज्य के व्यापारियों द्वारा प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा, ‘दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी सहित अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम अगले साल एक अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए राज्य का दौरा करेगी.’ अर्जेंटीना टीम मैनेजमेंट इस संबंध में आधिकारिक घोषणा करेगा.

मंत्री ने कहा कि फुटबॉल टीम के लोग डेढ़ महीने के भीतर केरल आएंगे. उन्होंने कहा, ‘हमने (सरकार ने) इस संबंध में अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम प्रबंधन के साथ संयुक्त घोषणा करने का फैसला किया है.’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि टीम के आगमन पर अंतिम निर्णय ले लिया गया है और इसमें कोई बदलाव नहीं है.

उन्होंने कहा कि सरकार सीधे तौर पर मैच, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी. उन्होंने कहा कि मैच के आयोजन स्थल और प्रतिद्वंद्वी टीम के बारे में बाद में निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि मैच अगले साल आयोजित किया जाएगा, लेकिन तारीख की घोषणा अर्जेंटीना फुटबॉल महासंघ द्वारा तय प्रणाली के अनुसार की जाएगी.

उन्होंने साफ किया कि मैच ऐसे स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कम से कम 50,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था हो . उन्होंने संकेत दिया कि मैच का आयोजन स्थल कोच्चि हो सकता है. खेल मंत्री ने बताया कि भारत में अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के सबसे ज्यादा प्रशंसक हैं और उसके एक-चौथाई प्रशंसक केरल में हैं. अर्जेंटीना टीम के राज्य में आने का यही कारण है. उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर की मेजबानी को लेकर केरल की क्षमता पर विश्वास जताया.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

(इनपुट भाषा से)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.