ईडन पर धोनी का धमाल, शतक जमाकर झारखंड को दिलाई जीत

धोनी ने 107 गेंदों पर दस चौकों और छह छक्कों की मदद से 129 रन बनाए।

Written by: amit mandal
Updated: February 27, 2017, 9:21 AM IST

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने सदाबहार अंदाज में कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर शानदार शतक जमाया जिससे झारखंड ने छत्तीसगढ़ को 78 रन से हराकर विजय हजारे ट्राफी वनडे टूर्नामेंट के ग्रुप डी के मैच में अपनी पहली जीत दर्ज की। धोनी ने 107 गेंदों पर दस चौकों और छह छक्कों की मदद से 129 रन बनाए और झारखंड को शुरूआती झटकों से उबारा।

धोनी ने शाहबाज नदीम (90 गेंदों पर 53) के साथ सातवें विकेट के लिए 151 रन की साझेदारी की। झारखंड ने धोनी की पारी से नौ विकेट पर 243 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की टीम इसके जवाब में 38.4 ओवर में 165 रन पर आउट हो गई।

झारखंड की कप्तानी कर रहे धोनी भारतीय टीम के अपने पुराने साथी मोहम्मद कैफ से टॉस हार गए। झारखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। धोनी ने तब क्रीज पर कदम रखा जब 14वें ओवर में स्कोर चार विकेट पर 43 रन था। इसके बाद इशांक जग्गी और कौशल सिंह भी पवेलियन लौट गए और 20वें ओवर तक स्कोर छह विकेट पर 57 रन हो गया। धोनी ने यहां से नदीम के साथ पारी संवारी।

उन्होंने इस बीच स्कोर बोर्ड को चलायमान रखने का जिम्मा उठाया और ईडन गार्डन्स पर लिस्ट ए मैचों में अपना पहला शतक जमाया। वह पारी की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर को कैच देकर आउट हुए। छत्तीसगढ़ की तरफ से कांत सिंह ने 33 रन देकर चार और पंकज राव ने 27 रन देकर तीन विकेट लिए।

छत्तीसगढ़ का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। झारखंड के लिए तेज गेंदबाज वरूण आरोन ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि नदीम ने गेंदबाजी में भी कमाल किया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 36 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.