छह बार की वर्ल्ड चैंपियन भारतीय महिला स्टार बॉक्सर एमसी मैरीकॉम इस समय टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों में जुटी हुई हैं. टोक्यो ओलंपिक 2020 का आयोजन इस वर्ष जुलाई-अगस्त में होना था जिसे एक साल के लिए टाल दिया गया है. अब इसका आयोजन 2021 में होगा. हालांकि इसे 2020 ओलंपिक के नाम से ही जाना जाएगा. कोविड-19 महामारी के खतरे को देखते हुए इसे एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया. कोरोनावायरस के कारण इस समय पूरी दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है.
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदकधारी 37 वर्षीय मैरीकॉम का कहना है कि उनकी सफलता का कोई मूलमंत्र नहीं है और कड़ी मेहनत के दम पर ही वह इस मुकाम तक पहुंची हैं.
‘जो सफलताएं हासिल की उसके पीछे कोई राज नहीं छिपा है’
मैरीकॉम बुधवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के ‘मेकिंग ऑफ ए चैंपियन’ विषय पर बात कर रही थीं जो कि साइ का खिलाड़ियों के लिए फेसबुक ‘लाइव सेसन’ है. कोरोनावायरस महामारी के चलते भारत में इस समय 21 दिन का लॉकडाउन होने के कारण अधिकतर खिलाड़ी अपने घरों या हॉस्टल में बंद हैं.
COVID-19: सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों के साथ IPL 2020 के आयोजन को तैयार फ्रेंचाइजी
मेरीकॉम ने कहा कि उन्होंने जो सफलताएं हासिल की उसके पीछे कोई राज नहीं छिपा है. बकौल मैरीकॉम, ‘मेरे पास सफलता का कोई मंत्र नहीं है. कड़ी मेहनत करो और आप जो भी कर रहे हो उसके प्रति ईमानदार बने रहो. बस यही मैं करती हूं. उतार-चढ़ाव तो आते रहते हैं लेकिन आपको अपने सपनों को साकार करने के लिए ध्यान नहीं हटाना चाहिए.’
‘मुक्केबाजी की मेरी यात्रा आसान नहीं रही’
मैरीकॉम ने कहा, ‘मुक्केबाजी की मेरी यात्रा आसान नहीं रही. राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक स्तर पर पहुंचना आसान नहीं था लेकिन अगर आपके अंदर इच्छाशक्ति है और जिंदगी में कुछ हासिल करना चाहते हो तो आप कर सकते हो. मेरी शुरुआती जिंदगी कठिनाइयों से भरी थी. मैं गरीब परिवार में पली बढ़ी जहां कई तरह की मुश्किलें थीं. मैं उन्हें याद तक नहीं करना चाहती हूं.’
लोगों को घरों में रहने की दी सलाह
इस मुक्केबाज ने सभी को संकट की इस घड़ी में अपने घरों में ही रहने की सलाह दी. कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर में लगभग 40 हजार से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं वहीं 8 लाख से अधिक लोग इससे संक्रमित हैं. भारत में इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 40 से अधिक हो गई है वहीं इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर लगभग 1600 हो गई है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.