मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) मौजूदा वक्त में भारतीय टीम की तेज बैट्री का अहम हिस्सा हैं. जब भी भारतीय कप्तान गेंदबाजी के वक्त मुश्किल में होते हैं तो वे शमी को जरूर याद करते हैं. 22 जून 2019 यानी तीन साल पहले आज ही के दिन मोहम्मद शमी ने विश्व कप में हैट्रिक अपने नाम की थी. वो 50 ओवरों के विश्व कप में ऐसा करने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज बने थे. इससे पहले केवल चेतन शर्मा (Chetan Sharma) ही ऐसे भारतीय थे जो विश्व कप में यह कारनामा कर पाए थे.
भारत के सामने साउथम्पटन के मैदान पर अफगानिस्तान की चुनौती थी. विराट एंड कंपनी ने गुलबदीन नबी की कप्तानी वाली टीम को जीत के लिए 225 रनों का लक्ष्य दिया. तेजी से उभर रही अफगान टीम के लिए यह मुकाबला जीतना ज्यादा मुश्किल नहीं होता अगर शमी ने हैट्रिक लेकर भारत की वापसी नहीं कराई होती. अफगानिस्तान की शुरुआत भी खास अच्छी नहीं रही थी हालांकि अंतिम ओवर तक वो मैच में बने हुए थे. अफगानिस्तान को जीत के लिए आखिरीओवर में 16 रन की दरकार थी.
अंतिम ओवर की पहली गेंद पर यॉर्कर का प्रयास कर रहे मोहम्मद शमी को लॉन्ग ऑन की दिशा में चौका खाना पड़ा. इसके बाद दूसरी गेंद डॉट गई. अब अफगानिस्तान को चार गेंद पर जीत के लिए 12 रन चाहिए थे. तीसरी गेंद पर शमी की यार्कर एक दम सटीक बैठी. मोहम्मद नबी हार्दिक पांड्या के हाथों लपके गए. अगली गेंद पर उन्होंने नए बल्लेबाज आफताब आलम को बोल्ड किया. ओवर की पांचवीं गेंद पर मुजीब-उर-रहमान बोल्ड हो गए.
मोहम्मद शमी ने इसके साथ ही अपनी हैट्रिक पूरी करने के साथ-साथ अफगानिस्तान को ऑलआउट भी कर दिया था. विश्व कप में भारत की यह 50वीं जीत थी. शमी विश्व कप के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के 10वें और भारत के दूसरे गेंदबाज बने. सबसे पहले चेतन शर्मा ने साल 1987 में यह कारनाम करके दिखाया था.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.