नीरज चोपड़ा बने 'बेस्ट मेल एथलीट', उषा और अंजू बॉबी को भी बड़ा सम्मान… किसे मिला कौन-सा अवॉर्ड? यहां देखें पूरी लिस्ट

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:June 20, 2026 11:24 PM IST

इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स में नीरज चोपड़ा को बेस्ट मेल एथलीट ऑफ द ईयर का सम्मान मिला. वहीं पीटी उषा, अंजू बॉबी जॉर्ज समेत कई दिग्गजों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.

  • इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स 2026 में नीरज चोपड़ा को बेस्ट मेल एथलीट अवॉर्ड मिला.
  • पीटी उषा, अंजू बॉबी जॉर्ज, गुरबचन सिंह रंधावा और बहादुर सिंह चौहान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला.
  • पारुल चौधरी ने बेस्ट फीमेल एथलीट ऑफ द ईयर का खिताब जीता.
  • AFI ने पहली बार इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स शुरू किए. जिसमें खेल से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया.

Indian Athletics Awards: भारतीय एथलीट्स के लिए आज यानी शनिवार (20 जून) का दिन बेहद खास रहा. दरअसल, पहली बार इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) की ओर से शुरू किए गए इस मंच का मकसद खिलाड़ियों, कोच, अधिकारियों और खेल को आगे बढ़ाने वाले लोगों के योगदान को सम्मान देना है. इस समारोह में देश के कई दिग्गज और युवा खिलाड़ी एक साथ नजर आए. सबसे ज्यादा चर्चा स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की रही, जिन्हें 'बेस्ट मेल एथलीट ऑफ द ईयर 2025' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.

Advertising
Advertising

नीरज चोपड़ा को बेस्ट मेल एथलीट का अवॉर्ड

नीरज चोपड़ा ने अवॉर्ड मिलने के बाद कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि उन्हें यह पुराने और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों की मौजूदगी में मिला. नीरज हाल ही में दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लेकर लौटे थे. वहां उन्होंने 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था. नीरज पिछले कुछ समय से पीठ की चोट से उबर रहे हैं और अब वापसी की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए तय क्वालिफिकेशन मार्क भी पार कर लिया है. साल 2025 में उन्होंने 90.23 मीटर का ऐतिहासिक थ्रो भी किया और शानदार प्रदर्शन से खुद को फिर साबित किया.

महिला वर्ग में पारुल चौधरी को मिला सम्मान

इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स में महिला वर्ग का सबसे बड़ा सम्मान पारुल चौधरी को मिला. 3000 मीटर स्टीपलचेज की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी पारुल को 'बेस्ट फीमेल एथलीट ऑफ द ईयर' चुना गया. इस सम्मान के जरिए भारतीय महिला एथलेटिक्स को भी नई पहचान देने की कोशिश की गई. AFI का मानना है कि ऐसे पुरस्कार खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे और युवा पीढ़ी को खेलों की तरफ आकर्षित करेंगे.

लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित हुए ये दिग्गज

समारोह में भारतीय एथलेटिक्स के कई दिग्गजों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया. इसमें पूर्व धाविका और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा, पूर्व एशियाई खेल स्वर्ण पदक विजेता गुरबचन सिंह रंधावा, पूर्व राष्ट्रीय मुख्य कोच बहादुर सिंह चौहान और विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता लंबी कूद खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज शामिल रहे. अवॉर्ड मिलने के बाद पीटी उषा ने कहा कि उन्हें इसकी उम्मीद नहीं थी और यह AFI की शानदार पहल है.

किन खिलाड़ियों को मिला कौन-सा अवॉर्ड?

इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स के पहले संस्करण में कुल 10 कैटेगरी रखी गईं. इनमें बेस्ट मेल एथलीट – नीरज चोपड़ा, बेस्ट फीमेल एथलीट – पारुल चौधरी और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड – पीटी उषा, गुरबचन सिंह रंधावा, बहादुर सिंह चौहान और अंजू बॉबी जॉर्ज को मिला. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का कहना है कि यह पहल आगे भी जारी रहेगी, ताकि भारतीय एथलेटिक्स को नई ऊंचाई मिल सके.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें