
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
सुनील छेत्री मौजूदा भारतीय फुटबॉल के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक हैं. वह 41 साल के हो चुके हैं और पिछले साल संन्यास का ऐलान कर चुके थे. लेकिन उनके जाने के बाद टीम में एक सूनापन था, जिसे उन्हें एशिया कप क्वॉलीफायर के लिए तोड़ना पड़ा. भारतीय टीम के नवनियुक्त हेड कोच खालिद जमील भी उनकी इस अहमियत को जानते हैं और उन्होंने सोमवार को कहा कि 41 साल की उम्र में भी देश में करिश्माई खिलाड़ी सुनील छेत्री से बेहतर कोई खिलाड़ी नहीं है. और जब तक वह उपलब्ध रहेंगे तब तक वह राष्ट्रीय टीम में बने रहेंगे.
जमील ने छेत्री को 29 अगस्त से शुरू होने वाले सीएएफए नेशंस कप के राष्ट्रीय शिविर से बाहर रखा है और कहा कि यह अक्टूबर में होने वाले महत्वपूर्ण एशियाई कप क्वालीफायर मैचों की तैयारी के लिए एक टूर्नामेंट मात्र है. उन्होंने स्पष्ट किया कि छेत्री नौ अक्टूबर (विदेश में) और 14 अक्टूबर (स्वदेश में) को सिंगापुर के खिलाफ राष्ट्रीय टीम में शामिल होंगे.
जमील ने बेंगलुरु से पीटीआई से कहा, ‘भारत में उनसे बेहतर कोई और खिलाड़ी नहीं है. तो जब वह उपलब्ध हैं तो क्यों नहीं? हमें उनके अनुभव की जरूरत है. वह एक दिग्गज हैं और उन्होंने इतने वर्षों तक देश को बहुत कुछ दिया है.’
छेत्री ने पिछले साल जून में कुवैत के खिलाफ खेलने के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया था लेकिन तत्कालीन मुख्य कोच मनोलो मारक्वेज के एशियाई कप क्वॉलीफायर के तीसरे दौर में टीम की मदद करने के अनुरोध पर इस साल मार्च में मालदीव के खिलाफ मैच में राष्ट्रीय टीम के लिए वापसी की.
छेत्री ने तब से चार मैच खेले हैं और एक बार गोल किया है. उन्होंने मालदीव पर 3-0 की जीत के दौरान गोल किया. जमील ने छेत्री से सीएएफए नेशंस कप के लिए राष्ट्रीय शिविर से उन्हें बाहर रखने के बारे में बात की थी. यह पूछे जाने पर कि क्या छेत्री अगले साल की शुरुआत में होने वाले दो एशियाई कप क्वॉलीफाइंग मैचों में भारतीय टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं, जमील ने कहा, ‘अगर वह मैचों के लिए उपलब्ध हैं तो कोई समस्या नहीं है. हम देखेंगे. अगर वह खेलना चाहते हैं, तो क्यों नहीं? उन्होंने पिछले साल भी अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने गोल किए हैं.’
जमील को एक अगस्त को भारत का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था लेकिन उन्होंने 12 अगस्त को दो साल की अवधि के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए, जिसमें परिणामों के आधार पर एक साल के लिए अनुबंध बढ़ाने का विकल्प भी शामिल था.
यह पूछे जाने पर कि उन्होंने अनुबंध पर हस्ताक्षर करने में 10 दिन से अधिक समय क्यों लगाया. जमील ने कहा, ‘मैं डूरंड कप मैचों (जमशेदपुर एफसी के लिए) में व्यस्त था. मैं सोच रहा था कि मैं एक ही जगह पर ध्यान केंद्रित करूंगा, क्लब या देश पर. इसलिए थोड़ा अंतराल था.’
(एजेंसी: पीटीआई)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.