वित्तीय संकटों से जूझ रहे पाकिस्तान के पास इतने भी पैसे नहीं है कि वह अपने खिलाड़ियों को पूर्व में आयोजित हुए टूर्नामेंट की फीस तक अदा कर सके. ऐसे में पाकिस्तान हॉकी के कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने अपने हॉकी फेडरेशन (PHF) को धमकी दी है कि अगर उसने खिलाड़ियों का पूरा वेतन नहीं दिया तो वह FIH प्रो लीग के दूसरे चरण का बहिष्कार कर देंगे. इन खिलाड़ियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें इस महीने की शुरुआत में खेले गए मैचों के लिए पूरा दैनिक भत्ता नहीं दिया गया है.
राष्ट्रीय पुरुष टीम के कम से कम दो खिलाड़ियों ने पुष्टि की कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) को स्पष्ट संदेश भेज दिया गया था कि यदि वित्तीय मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो कई खिलाड़ी एफआईएच प्रो लीग के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. एक खिलाड़ी ने कहा, ‘हमें आश्वासन दिया गया था कि इस महीने की शुरुआत में अर्जेंटीना में प्रो लीग प्रतियोगिता के दौरान हमें प्रतिदिन 30,000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा. पिछले सप्ताह हमारे खातों में दैनिक भत्ता जमा तो कर दिया गया लेकिन केवल 11,000 रुपये ही जमा किए गए जो सरासर धोखा है.’
उन्होंने कहा, ‘अगर आप एक्सचेंज रेट को देखें तो 30,000 रुपये का मतलब लगभग 110 डॉलर है जबकि 11,000 रुपये का मतलब सिर्फ 40 डॉलर है, जो बहुत बड़ा अंतर है.’ पाकिस्तान ने इस महीने की शुरुआत में अर्जेंटीना में एफआईएच प्रो लीग में चार मैच खेले, जिनमें से सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान की टीम अब फरवरी में ऑस्ट्रेलिया में चार मैच खेलेगी.
पीएचएफ ने खिलाड़ियों को बताया है कि सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए दैनिक भत्तों का भुगतान पाकिस्तान खेल बोर्ड (PSB) ने किया था, जिसकी नीति के अनुसार किसी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विदेश जाने वाले खिलाड़ियों को 40 अमेरिकी डॉलर का दैनिक भत्ता दिया जाता है.
पीएचएफ के सचिव राणा मुजाहिद ने कहा, ‘पीएचएफ की नीति के अनुसार खिलाड़ियों को प्रतिदिन 30,000 रुपये का भत्ता दिया जाना चाहिए, लेकिन प्रो लीग हॉकी प्रतियोगिता के दोनों चरणों के लिए पीएसबी सारे खर्च का वहन कर रहा है, इसलिए हम इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं कर सकते.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.