पेरिस ओलंपिक 2024: टेबल टेनिस में मनिका बत्रा और श्रीजा अकुला का प्री क्वॉर्टर फाइनल में सफर खत्म

दोनों खिलाड़ियों ने पहली बार ओलंपिक खेलों के प्री क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाई थी. ओलंपिक खेलों के टेबल टेनिस एकल में यह भारतीय खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

Published: August 1, 2024, 9:44 AM IST

पेरिस. पेरिस ओलंपिक में देर शाम टेबल टेनिस में भारत को मायूसी हाथ लगी है. पहली बार ओलंपिक खेलों की एकल स्पर्धा के प्री क्वॉर्टर फाइनल तक पहुंची मनिका बत्रा और श्रीजा अकुला का सफर यहीं समाप्त हो गया. अब भारत को इस खेल से टीम गेम में कुछ उम्मीदें हैं. दोनों ही खिलाड़ी टेबल टेनिस की महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वॉर्टर फाइनल में अपने से ऊंची रैंकिंग वाली खिलाड़ियों के खिलाफ उतरी थीं. मनिका को जापान की मियू हिरानो के खिलाफ 1-4 (6-11, 9-11, 14-12, 8-11, 6-11) से मात मिली.

सुबह प्री-क्वॉर्टर फाइनल में पहुंच कर अपने जन्मदिन का जश्न मनाने वाली श्रीजा को अंतिम 16 मुकाबले में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी चीन की सुन यिंगशा ने 4-0 (10-12, 10-12, 8-9-11, 3-11) से हराया. श्रीजा 38 मिनट तक चले इस मुकाबले के शुरुआती दो सेट में क्रमश: चार और पांच गेम प्वाइंट को भुनाने में विफल रहीं. इन दोनों सेट में चीन की खिलाड़ी ने अपने अनुभव का इस्तेमाल कर शानदार वापसी की.

इसके बाद तीसरे और चौथे गेम में श्रीजा ने कुछ अच्छे शॉट लगाए लेकिन यिंगशा की गति और करारे प्रहार को उनके पास कोई जवाब नहीं था. इसके साथ ही एकल वर्ग में भारतीय खिलाड़ियों का सफर खत्म हो गया. मनिका और श्रीजा का ओलंपिक प्री-क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचना किसी भारतीय खिलाड़ी का एकल वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

अनुभवी मनिका सोमवार को राउंड 16 में जगह बनाने वाली पहली भारतीय बनी थीं और श्रीजा ने बुधवार सुबह को सिंगापुर की जियान झेंग को कड़े मुकाबले में 4-2 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. मनिका ने मैच के बाद कहा, ‘मैं और प्रयास कर सकती थी. मैंने जिस तरह से शुरुआत की, उससे खुश नहीं थी. अंदर से मुझे खराब महसूस हो रहा है. तीसरे गेम के बाद मेरा आत्मविश्वास बढ़ा लेकिन वह काफी अच्छा खेली. दुख हो रहा है. मुझे थोड़ा संयमित होना था.’

इस भारतीय स्टार ने कहा कि वह अपनी क्षमता के अनुरूप नहीं खेल सकीं जिससे उन्हें हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा, ‘मेरा फोरहैंड अच्छा नहीं था. नहीं पता क्यों. ऐसा हो जाता है. मैं आज दुखी हूं लेकिन मुझे देश के लिए टीम स्पर्धा के लिए तैयार होना होगा.’ मनिका ने दो गेम में अच्छी बढ़त बनाई हुई थी लेकिन मियू ने तेज स्ट्रोक्स से अपने खेल में सुधार करते हुए भारतीय खिलाड़ी को और इतिहास बनाने से रोक दिया.

मनिका ने पहला गेम जल्दी गंवा दिया और दूसरे में वह 5-1 से बढ़त बनाए थीं लेकिन मियू ने तेज स्ट्रोक्स से मनिका को बैकफुट पर करते हुए 9-7 की बढ़त बनाई. मियू की गलती से स्कोर 9-9 हुआ. मनिका ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को गेम प्वाइंट दे दिया और लियू ने इसे अपने नाम कर 2-0 से बढ़त बना ली.

मनिका को वापसी का अच्छा मौका मिला क्योंकि मियू ने तीसरे गेम में कई सहज गलतियां कीं. भारतीय खिलाड़ी 7-2 से आगे हो गई लेकिन मियू ने जल्द ही स्कोर 9-9 से बराबर किया. मनिका ने तीन गेम प्वाइंट बचाए और इसे 14-12 से जीत लिया.

लेकिन इसके बाद इस लय को जारी नहीं रख सकी और अगले दो गेम गंवाकर बाहर हो गईं. भारतीय टेबल टेनिस के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि दो खिलाड़ियों ने अंतिम 16 में जगह बनाई.

(एजेंसी: भाषा)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.