FIFA World Cup: पुर्तगाल की निराशाजनक शुरुआत, नहीं चला क्रिस्टियानों का जादू- 1-1 से ड्रॉ रहा पहला मुकाबला

Written By: Parinay Kumar Updated by: Parinay Kumar
Updated Date:June 18, 2026 2:55 PM IST

FIFA World Cup Portugal Vs DR Congo: अपने करियर के छठे वर्ल्ड कप के पहले मैच में रोनाल्डो का एक भी शॉट गोल पोस्ट में नहीं पहुंचा. यह दूसरी बार भी है जब उन्होंने वर्ल्ड कप मैच में 90 मिनट तक टारगेट पर कोई शॉट नहीं मारा.

FIFA World Cup Portugal Vs DR Congo: फीफा वर्ल्ड कप में पुर्तगाल की शुरुआत निराशाजनक हुई है. ग्रुप के अपने पहले ही मुकाबले में पुर्तगाल डीआर कांगो से पार नहीं पा सका और टीम को 1-1 से ड्रॉ खेलने पर मजबूर होना पड़ा. पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले मुकाबले में बेरंग नजर आए और वह कोई भी गोल नहीं कर सके. पुर्तगाल ने जोआओ नेवेस के छठे मिनट में ही किए गए गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त बना ली थी. हालांकि, डीआर कांगो ने पहले हाफ के अतिरिक्त समय में वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया.

Advertising
Advertising

डीआर कांगों का शानदार प्रदर्शन

पूरे मुकाबले में पुर्तगाल ने गेंद पर तो लगातार कब्जा बनाए रखा, लेकिन टीम मुकाबले में अपना दूसरा गोल करने में नाकाम रही. डीआर कांगो के डिफेंस ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया. डीआर कांगो के लिए यह ऐतिहासिक दिन था. 52 साल बाद विश्व कप में लौटने वाली टीम ने अपना पहला वर्ल्ड कप पॉइंट अर्जित किया.

छठे मिनट में ही पुर्तगाल को मिल गई थी बढ़त

पुर्तगाल के लिए मुकाबले के शुरुआती कुछ मिनट शानदार रहे. मैच के छठे मिनट में जोआओ नेवेस ने पेड्रो नेटो के शानदार लेफ्ट-विंग क्रॉस पर लियोनेल मपासी को छकाते हुए हेडर मारकर पुर्तगाल को मैच में 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि, इसके बाद डीआर कांगो ने लगातार दबाव बनाए रखा. पहले हाफ के अंत में आर्थर मासुआकू के क्रॉस पर विसा ने हेडर से जबरदस्त गोल किया. यह डीआर कांगो का वर्ल्ड कप इतिहास का पहला गोल रहा. दूसरे हाफ में जोआओ कैंसेलो ने शानदार ओवरहेड किक से गोल किया, लेकिन वह ऑफसाइड थे, जिसके कारण गोल मान्य नहीं हुआ.

मैच में बेअसर दिखे रोनाल्डो

मैच में बेअसर नजर आए रोनाल्डो ने इस मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि जरूर हासिल की. वह वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे अधिक उम्र (41 साल 132 दिन) में शुरुआती एकादश (प्लेइंग इलेवन) में शामिल होने वाले आउटफील्ड खिलाड़ी बने. यह रोनाल्डो का 23वां वर्ल्ड कप मैच था, जिससे वह इटली के महान खिलाड़ी पाओलो मालदिनी के साथ ऑल-टाइम लिस्ट में चौथे स्थान पर आ गए.

ड्रॉ के बाद रोनाल्डो ने किया पुर्तगाल का बचाव

वर्ल्ड कप का पहला मैच ड्रॉ पर खत्म होने के बाद पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने टीम का बचाव किया. रोनाल्डो ने कहा कि DR कांगो के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल टीम के प्रदर्शन में कोई कमी नहीं थी. रोनाल्डो खुद इस मुकाबले में कोई गोल नहीं कर सके. रोनाल्डो के तीनों शॉट गोल पोस्ट से बाहर चले गए. रोनाल्डो ने मैच के बाद पुर्तगाल के 'स्पोर्ट टीवी' से एक छोटी बातचीत में कहा, 'कुछ भी कमी नहीं थी, फुटबॉल ऐसा ही है. हम जीत भी सकते थे.'

रोनाल्डो के नाम जुड़ा बड़ा रिकॉर्ड

अपने करियर के छठे वर्ल्ड कप के पहले मैच में रोनाल्डो का एक भी शॉट गोल पोस्ट में नहीं पहुंचा. यह दूसरी बार भी है जब उन्होंने वर्ल्ड कप मैच में 90 मिनट तक टारगेट पर कोई शॉट नहीं मारा. रोनाल्डो के करियर का यह 23वां वर्ल्ड कप मैच था. वह फीफा विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे नंबर पर आ गए हैं. रोनाल्डो पुर्तगाल की तरफ से 10 बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट (वर्ल्ड कप और यूरो कप) खेल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 33 शॉट खेले हैं, जिसमें से 11 शॉट टारगेट पर पहुंचे हैं.

(इनपुट: IANS)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें