Pv Sindhu Advances To 2nd Round Of Bwf World Championships
वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में पीवी सिंधु ने दिखाया दम, पहले गेम में संघर्ष के बाद जीता मैच
भारत की स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु को बुल्गारिया की खिलाड़ी के पहले गेम में कड़ा संघर्ष करना पड़ा. लेकिन वह 23-21 से जीत गईं. इसके बाद दूसरे गेम में उन्होंने इस प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं दिया.
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व चैंपियन पीवी सिंधू ने मंगलवार को यहां बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में खराब शुरुआत से उबरते हुए बुल्गारिया की कालोयाना नलबांटोवा को सीधे गेम में हराया. वर्ल्ड की 15वें नंबर की खिलाड़ी सिंधू शुरुआत में थोड़ी असहज नजर आई लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली और अपने आक्रामक खेल का शानदार नजारा पेश करते हुए महिला एकल के अपने पहले दौर के मुकाबले में 69वीं रैंकिंग की बुल्गारियाई खिलाड़ी को 23-21, 21-6 से हराया.
भारत की इस 30 वर्षीय खिलाड़ी को शुरुआत में संघर्ष करना पड़ा. उन्होंने कुछ गलतियां की जिसके कारण एक समय वह 0-4 से पीछे चल रही थी. नलबांटोवा ने दबाव बनाए रखते हुए 9-5 की बढ़त बना ली थी और इंटरवल तक वह 11-7 से आगे थी. ब्रेक के बाद सिंधु ने अपनी लय पकड़ी और अपने पसंदीदा क्रॉस-कोर्ट विनर सहित कई स्मैश लगाकर स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया.
बुल्गारियाई खिलाड़ी की दो गलतियों ने सिंधू को 14-12 की बढ़त दिला दी. लेकिन दोनों खिलाड़ियों के बीच अंक की अदला-बदली के कारण बढ़त में उतार-चढ़ाव आता रहा. नलबांटोवा के पास 19-20 के स्कोर पर एक गेम प्वाइंट था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाईं. बुल्गारिया की खिलाड़ी को एक और गेम प्वाइंट मिला लेकिन वह इसे भुनाने में भी नाकाम रही. सिंधू ने इसके बाद पहले गेम प्वाइंट पर ही गेम अपने नाम कर दिया.
सिंधू में दूसरे गेम में अच्छी शुरुआत की और जल्द ही 5-1 की बढ़त बना ली. इसके बाद नलबांटोवा ने अंतर को 5-6 कर दिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी इंटरवल तक छह अंक से आगे थी. इसके बाद यह मैच एकतरफा हो गया क्योंकि सिंधू ने अपनी बढ़त 17-5 कर ली. भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद 15 मैच प्वाइंट हासिल किए और दूसरे को भुनाकर मैच अपने नाम कर दिया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.