By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Sports Hindi
- Rajasthan Royals Sets 169 Run Target For Mumbai Indians In Ipl 2018
लुईस की हाफ सेंचुरी ने मुंबई का स्कोर पहुंचाया 160 के पार, राजस्थान को मिला 169 रनों का लक्ष्य
लुईस ने 42 गेंद पर चार चौके और चार छक्कों की मदद से 60 रन बनाए.
मुंबई: इविन लुईस के अर्धशतक से एक समय बड़ा स्कोर खड़ा करने की स्थिति में दिख रही मुंबई की टीम आज आईपीएल मैच में राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों की अच्छी वापसी के कारण छह विकेट पर 168 रन ही बना पाई. लुईस (42 गेंदों पर 60 रन) और सूर्यकुमार (31 गेंदों पर 38 रन) ने पहले विकेट के लिए 10.4 ओवर में 87 रन जोड़कर आखिरी दस ओवरों के लिये अच्छा मंच तैयार किया. राजस्थान के गेंदबाजों ने हालांकि बीच में लगाम कसी और 44 रन के अंदर पांच विकेट निकाले. हार्दिक पंड्या (21 गेंदों पर 36 रन) के आक्रामक तेवरों से आखिरी दो ओवरों में 32 रन बने जिससे मुंबई 160 रन के पार पहुंच पाया.
राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर (16 रन देकर दो विकेट) और बेन स्टोक्स (26 रन देकर दो विकेट) ने अच्छी गेंदबाजी की. इन दोनों ने आठ ओवरों में केवल 42 रन दिए और चार विकेट हासिल किए.
लुईस और सूर्यकुमार ने फिर से मुंबई के लिए अच्छी नींव रखी. वे हालांकि शुरू में तेजी से रन नहीं बना पाए. पहले आठ ओवर में एक भी छक्का नहीं पड़ा. लुईस ने श्रेयस गोपाल के अगले ओवर की पहली दो गेंदों पर छक्के जड़कर रन गति आठ रन से ऊपर पहुंचाई. राजस्थान के कप्तान अंजिक्य रहाणे ने इसके बाद गोपाल को गेंदबाजी से हटाकर उनकी जगह आर्चर को गेंद थमायी जिन्होंने सूर्यकुमार और तीसरे नंबर पर उतरे कप्तान रोहित शर्मा को लगातार गेंदों पर आउट किया.
सूर्यकुमार शॉर्ट पिच गेंद को सही तरह से पुल नहीं कर पाए और जयदेव उनादकट को कैच दे बैठे. आर्चर ने नए बल्लेबाज रोहित के लिए भी शॉर्ट पिच गेंद की जो उस पर पुल करने का लोभ नहीं छोड़ पाए और इस बार भी गेंद उनादकट के सुरक्षित हाथों में चली गई. लुईस ने इसके बाद कृष्णप्पा गौतम पर छक्का लगाकर 37 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने धवल कुलकर्णी की गेंद भी छह रन के लिए भेजी लेकिन अगली गेंद पर डीप प्वाइंट पर कैच दे बैठे. इस कैरेबियाई बल्लेबाज ने अपनी पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाए.
इशान किशन (12) भी जल्द पवेलियन लौट गए जिससे डेथ ओवरों की जिम्मेदारी पंड्या बंधुओं पर आ गई लेकिन बीच के चार ओवरों में एक बार भी गेंद सीमा रेखा तक नहीं गई. इस बीच केवल 17 रन बने और कृणाल (तीन) पवेलियन लौटे. जब आखिरी दो ओवर बचे थे तब हार्दिक ने अपनी बाजूओं का दम दिखाया. उन्होंने उनादकट के ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया. बेन कटिंग (नाबाद दस) ने भी स्टोक्स के अगले ओवर में गेंद छह रन के लिए भेजी.
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें