By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Sports Hindi
- Sachin Tendulkar On Pakistan Boycott I Dont Like To Give 2 Points To Pakistan In World Cup 2019
'पाकिस्तान बॉयकॉट' के पक्ष में नहीं सचिन तेंदुलकर, कहा- बिना खेले क्यों दें प्वाइंट
सचिन तेंदुलकर ने भी पाकिस्तान बॉयकॉट के मामले में सुनील गावस्कर के विचारों का किया समर्थन.
नई दिल्ली. दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें आगामी विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलकर उसे दो अंक देना गवारा नहीं है क्योंकि इससे क्रिकेट महाकुंभ में इस चिर प्रतिद्वंद्वी को ही फायदा होगा. तेंदुलकर ने भी सुनील गावस्कर के विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि भारत के लिए विश्व कप में 16 जून को होने वाले मुकाबले से हटने के बजाय उसे हराना बेहतर होगा. पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के मारे जाने के बाद इस मैच से हटने की मांग उठ रही है. इधर, भारतीय क्रिकेट का काम देख रही प्रशासकों की समिति (CoA) ने भी पाकिस्तान को विश्वकप मुकाबले से बाहर करने को लेकर कहा है कि वह ऐसा फैसला नहीं ले सकता. लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सदस्य देशों से व्यक्तिगत रूप से अनुरोध कर सकता है कि आतंकी गतिविधियां चलाने वाले देशों से संबंध तोड़ लें.
एक तरफ हो रही थी गोलियों की बौछार, दूसरी तरफ पाकिस्तान को धूल चटा रही थी टीम इंडिया
तेंदुलकर ने एक बयान में कहा, ‘‘भारत ने विश्व कप में हमेशा पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है. अब फिर से उन्हें हराने का समय है. मैं निजी तौर पर उन्हें दो अंक देना पसंद नहीं करूंगा क्योंकि इससे टूर्नामेंट में उन्हें मदद मिलेगी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मेरे लिए भारत सर्वोपरि है और मेरा देश जो भी फैसला करेगा मैं तहेदिल से उसका समर्थन करूंगा.’’ बता दें कि हरभजन सिंह और युजवेंद्र चहल जैसे खिलाड़ियों ने जहां पाकिस्तान के पूर्ण बहिष्कार की मांग की है, वहीं गावस्कर ने गुरुवार को कहा था कि अगर भारत अगर 16 जून को पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला करता है तो यह उसकी हार होगी. विश्व कप ब्रिटेन में 30 मई से शुरू हो रहा है. शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट को संचालित करने वाली प्रशासकों की समिति ने कोई फैसला नहीं करने का निर्णय किया.
पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं दिया वीजा तो IOC ने भारत पर लगाई ये रोक
तेंदुलकर के बयान से पहले ‘पाकिस्तान बॉयकॉट’ के मामले पर भारतीय क्रिकेट का काम देख रही प्रशासकों की समिति (CoA) का बयान भी आया. CoA ने पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप मुकाबले पर कोई भी फैसला नहीं लेने का निर्णय किया, लेकिन कहा है कि वह ICC के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से अनुरोध करेगा कि ऐसे देश के साथ संबंध तोड़ दें जो आतंक का गढ़ हो. पुलवामा आतंकी हमले के बाद विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच को लेकर बढ़ती अटकलबाजियों पर CoA ने बैठक की. इस बैठक में सीओए ने इस मामले पर बातचीत की लेकिन अभी कोई फैसला नहीं किया है.
सीओए प्रमुख विनोद राय ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारी सरकार से बातचीत चल रही है. 16 जून को होने वाले मैच के बारे में कोई फैसला नहीं लिया गया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम आईसीसी को दो चिंताएं बताएंगे. हम विश्व कप के दौरान खिलाड़ियों की और अधिक सुरक्षा के बारे में कहेंगे और क्रिकेट खेलने वाले देशों से कहेंगे कि ऐसे देश से रिश्ते तोड़ दें जो आतंक का गढ़ हो.’’ ऐसी भी रिपोर्ट आ रही थीं कि सीओए और बीसीसीआई शायद आईसीसी से 30 मई से इंग्लैंड में शुरू होने वाले विश्व कप से पाकिस्तान को बाहर करने की अपील भी कर सकता है.
(इनपुट – एजेंसी)
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें