Thailand Open 2024: सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चीन को हराकर जीता खिताब

बैडमिंटन में भारतीय पुरुष जोड़ी सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने थाईलैंड ओपन का खिताब जीत लिया है. पेरिस ओलंपिक से पहले दोनों की तैयारियों के अच्छे संकेत हैं.

Published date india.com Published: May 19, 2024 9:07 PM IST
satwiksairaj rankireddy and chirag shetty
थाईलैंड ओपन का खिताब जीतने के बाद सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी @PTI

बैंकॉक. भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी (Satwiksairaj Rankireddy) और चिराग शेट्टी (Chirag Shetty) ने पेरिस ओलंपिक की तैयारियां पुख्ता करते हुए चीन के लियू यि और चेन बो यांग को हराकर थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन मैन्स डबल्स (पुरुष युगल) खिताब जीत लिया. पेरिस ओलंपिक की तैयारियां पुख्ता करते हुए दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी ने 29वीं रैंकिंग वाली विरोधी टीम पर 21-15, 21-15 से जीत दर्ज की.

एशियाई खेलों की चैम्पियन जोड़ी का यह सीजन का दूसरा और करियर का 9वां बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब है. उन्होंने मार्च में फ्रेंच ओपन सुपर 750 खिताब जीता था. दोनों मलेशिया सुपर 1000 और इंडिया सुपर 750 में उपविजेता रहे थे.

चिराग ने जीत के बाद कहा, ‘बैंकॉक हमारे लिए खास है. हमने 2019 में यहां पहली बार सुपर सीरिज और फिर थॉमस कप जीता था.’ सात्विक ने कहा, ‘उम्मीद है कि इस जीत के बाद आने वाले टूर्नामेंटों में भी हम लय कायम रखेंगे.’

पेरिस ओलंपिक के बारे में पूछने पर चिराग ने कहा, ‘हम ही नहीं सभी खिलाड़ी वहां पदक जीतने ही जाना चाहते हैं. उम्मीद है कि हम वहां भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे.’

सात्विक और चिराग ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में दूसरे दौर में हार गए थे. इसके बाद सात्विक की चोट के कारण एशियाई चैम्पियनशिप नहीं खेल सके. थॉमस कप में भी वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. वे एक भी गेम गंवाए बिना थाईलैंड ओपन फाइनल में पहुंचे थे. लियू और चेन ने भी फाइनल तक के सफर में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन भारतीय जोड़ी के शानदार फॉर्म का उनके पास कोई जवाब नहीं था.

सात्विक और चिराग ने जल्दी ही 5-1 की बढ़त बना ली. इसके बाद चेन और लियू ने लगातार चार अंक लेकर वापसी की. जब स्कोर 7-7 था, तब चीनी जोड़ी ने 39 शॉट की रेली लगाई और 10-7 से बढ़त बना ली. उन्होंने कुछ लंबी रेलियां लगाई लेकिन चिराग ने तूफानी रिटर्न के जरिए स्कोर 10-10 कर लिया.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

ब्रेक के बाद सात्विक और चिराग ने 14-11 की बढ़त बनाई. यह बढ़त जल्दी ही 16-12 की हो गई. चीनी जोड़ी ने तीन अंक बनाए लेकिन इसके बाद भारतीय जोड़ी ने लगातार पांच अंक लेकर गेम जीत लिया.

दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने 8-3 के साथ शुरुआत की और ब्रेक तक पांच अंक की बढ़त बनाए रखी. चेन और लियू ने तीन अंक लगातार बनाए लेकिन सात्विक ने उनकी लय तोड़ी. जब स्कोर 15-11 था तब सात्विक को खेल में विलंब करने पर चेतावनी मिली और चिराग ने 2 अंक गंवाए, जिससे चीनी जोड़ी ने 15-14 की बढ़त बना ली. भारतीय जोड़ी ने हालांकि इसके बाद शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्हें फिर कोई मौका नहीं दिया.

(एजेंसी: भाषा)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.