सुनील छेत्री शायद अपने करियर का अंतिम सीजन खेल रहे हैं: भारतीय कोच स्टीमक

भारत को अगले साल एशियाई कप में उतरना है और छेत्री तीसरी बार इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में खेलने की तैयारी कर रहे हैं.

Published: March 15, 2023, 6:27 PM IST

भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक का मानना है कि करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री अपने शानदार करियर का ‘शायद अंतिम सत्र खेल रहे हों.’ उन्होंने साथ ही उम्मीद जताई कि इस स्टार खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल आगामी महीनों में अंतिम चरण के लिए बचाया हो. भारत को अपना अगला बड़ा टूर्नामेंट अगले साल 12 जनवरी से 10 फरवरी तक कतर में एएफसी एशियाई कप के रूप में खेलना है. छेत्री तीसरी बार इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में खेलने की तैयारी कर रहे हैं. इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने पिछले साल क्वॉलीफिकेशन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था.

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की वेबसाइट ने स्टिमक के हवाले से कहा, ‘उसकी उम्र में संभवत: यह उसकी फुटबॉल से विदाई हो. बेशक सुनील शायद अपना आखिरी सत्र खेल रहा हो और निश्चित तौर पर अपना आखिरी एशिया कप.’ उन्होंने कहा, ‘मुझे यकीन है कि आगामी महीने सुनील छेत्री के लिए सर्वश्रेष्ठ होंगे.’

राष्ट्रीय टीम इम्फाल में 22 मार्च से तीन देशों के फुटबॉल टूर्नामेंट से पहले यहां पांच दिवसीय शिविर में हिस्सा ले रही है. अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 84 गोल के साथ सक्रिय खिलाड़ियों में क्रिस्टियानो रोनाल्डो (118) और लियोनल मेस्सी (98) के बाद सबसे सफल खिलाड़ी छेत्री 2011 और 2019 में एशियाई कप में खेल चुके हैं.

वर्ष 2005 में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाले छेत्री ने शनिवार को होने वाले इंडियन सुपर लीग के फाइनल में बेंगलुरू एफसी को जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई. स्टिमक ने कहा, ‘सुनील छेत्री इस सत्र में नहीं दिखा. वह बेंच पर था, इंतजार और तैयारी कर रहा था, अपना वजन कुछ किग्रा कम कर रहा था जो इस उम्र में करना काफी मुश्किल होता है. लेकिन जब सबसे ज्यादा जरूरत थी तो वह अपने क्लब के लिए मौजूद था, उनकी मदद कर रहा था और उन्हें फाइनल में ले गया. उसने सबसे निर्णायक गोल किए.’

एशियाई कप में अभी 10 महीने का समय है. इससे पहले दुनिया की 106वें नंबर की टीम भारत इम्फाल में किर्गिस्तान (94) और म्यांमा (159) के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी. भारत ने पिछले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले सितंबर में खेले थे. भारत ने तब सिंगापुर से 1-1 से ड्रॉ खेला था लेकिन वियतनाम के खिलाफ उसे 0-3 से हार का सामना करना पड़ा.

स्टिमक ने कहा कि भारतीय टीम में चयन के लिए सभी टूर्नामेंट में खेलने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गौर किया जाएगा फिर यह चाहे संतोष ट्रॉफी हो या आईलीग. उन्होंने कहा, एशियाई कप की अंतिम टीम में जगह बनाने की प्रतिस्पर्धा अंत तक चलेगी। यह स्थान किसी भी भारतीय पासपोर्ट धारक के लिए उपलब्ध है और सिर्फ आईएसएल में खेलने वाले खिलाड़ी के लिए नहीं है.’

(एजेंसी: भाषा)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Sports Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.