उमरान, अर्शदीप, मोहसिन या तिलक वर्मा; दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज में चयन की दावेदारी में शामिल कई नाम

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच नौ जून से शुरू हो रही पांच मैचों की सीरीज के लिए रविवार को टीम इंडिया का स्क्वाड चुना जाना है

Published date india.com Published: May 21, 2022 5:42 PM IST
उमरान, अर्शदीप, मोहसिन या तिलक वर्मा; दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज में चयन की दावेदारी में शामिल कई नाम
उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह (IANS)

दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए जब रविवार को भारतीय टीम का चयन किया जाएगा तो उभरते हुए स्टार जैसे उमरान मलिक (Umran Malik) और मोहसिन खान (Mohsin Khan) को उनके इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जा सकता है जबकि अनुभवी शिखर धवन (Shikhar Dhawan) और दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) के टी20 टीम में वापसी की संभावना है.

ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने भी आईपीएल में अच्छा करके अपनी फॉर्म और फिटनेस दिखाई है जिससे नौ जून से शुरू हो रही पांच मैचों की सीरीज के लिए उनका भी टीम में शामिल किया जाना तय है. वो पिछले साल टी20 विश्व कप के बाद से भारत के लिए नहीं खेले हैं. पांड्या आखिरकार नियमित रूप से गेंदबाजी कर रहे हैं जो राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी की कोशिश के लिए अहम था.

दो महीने लंबे आईपीएल और टेस्ट टीम के 15 जून को रवानगी के कारण सभी प्रारूपों में खेलने वाले खिलाड़ियों को घरेलू सीरीज के लिए आराम दिया जा सकता है जिसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली, रिषभ पंत और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं. जून के अंत में आयरलैंड में होने वाले दो टी20 के लिए भी ऐसी ही टीम चुने जाने की उम्मीद है.

अगर ऐसा होता है तो कप्तानी की जिम्मेदारी या तो धवन या हार्दिक के कंधों पर आ सकती है. धवन ने पिछले साल श्रीलंका में टीम की अगुआई की थी जबकि पांड्या ने गुजरात टाइटन्स के लिये डेब्यू सीजन में कप्तान के तौर प्रभावित किया है.

आईपीएल से भविष्य के स्टार खिलाड़ियों का मिलना जारी है और ये सीजन भी अलग नहीं रहा. उमरान ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अपनी रफ्तार से तो मोहसिन खान ने अपनी रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित किया.

जैसा कि लखनऊ सुपर जायंट्स के उनके कप्तान केएल राहुल ने कहा कि बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज की शीर्ष स्तर के क्रिकेट में हमेशा मांग रहेगी तो मोहसिन को रविवार को बड़ा ब्रेक मिल सकता है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में एक और अर्शदीप सिंह भी दौड़ में हैं जिन्होंने फिर से पंजाब किंग्स के लिए अच्छा प्रदर्शन किया. डेथ ओवरों में उनका इकोनॉमी रेट सर्वश्रेष्ठ में से एक रहा और उन्होंने इच्छानुसार यार्कर फेंकने की भी क्षमता दिखाई जो टी20 फॉर्मेट के लिए बेहद अच्छी है.

बल्लेबाजी विभाग में तिलक वर्मा ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए उन पर भी विचार किया जा सकता है क्योंकि उनके मुंबई इंडियंस कप्तान रोहित शर्मा (जो भारतीय टीम के कप्तान भी हैं) ने इस बाएं हाथ के बल्लेबाज की काफी प्रशंसा की है.

दीपक हुड्डा और वेंकटेश अय्यर को वेस्टइंडीज और श्रीलंका सीरीज में मध्यक्रम में आजमाया गया था और देखना होगा कि इनमें से कोई टीम में अपना स्थान बरकरार रखता है या फिर चयनकर्ता आईपीएल फॉर्म को तरजीह देंगे.

दिनेश कार्तिक ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए ‘फिनिशर’ की भूमिका के लिए मजबूत दावा पेश किया है और उनके भी भारतीय टीम में फिर से (कई बार) वापसी की उम्मीद है. राहुल तेवतिया को भी इस स्थान पर मौका दिया जा सकता है जिन्होंने गुजरात को इस सत्र में मुश्किल परिस्थितियों में जीत दिलायी.

युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की फॉर्म भी आकर्षण का केंद्र रही और संभवत: ‘कुलचा’ के लिए वापसी का रास्ता बन सकता है. टी20 विश्व कप के लिए अभी ये शुरूआती दिन होंगे लेकिन टीम मैनेजमेंट को दक्षिण अफ्रीका सीरीज से ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट के लिए अपने कोर ग्रुप के खिलाड़ियों पर फैसला करने के लिएं आइडिया मिल जाना चाहिए.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.