नामिबिया के खिलाफ टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2021) में भारत के आखिरी मैच में शानदार गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया को जीत दिलाने वाले रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने विराट कोहली (Virat Kohli) को एक शानदार कप्तान बताया। बता दें कि टी20 अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में बतौर कप्तान ये कोहली का आखिरी मैच था।
कोहली की कप्तानी पर जडेजा ने कहा, ‘‘विराट ने शानदार कप्तानी की और मैं उनके साथ भी 10 से 12 साल से खेल रहा हूं। मैंने हमेशा उनकी कप्तानी का लुत्फ उठाया। वह सकारात्मक और आक्रामक है जो एक खिलाड़ी के रूप में आप चाहते हैं।’’
मुख्य कोच शास्त्री सहित सहयोगी स्टाफ के टीम के साथ अंतिम मैच पर जडेजा ने कहा, ‘‘उन्होंने सहयोगी स्टाफ के रूप में सात से आठ साल में शानदार काम किया है और हमने उनके साथ काम करने का लुत्फ उठाया।’’
प्लेयर आफ द मैच चुने गए जडेजा ने कहा कि उन्होंने गेंदबाजी करने का पूरा लुत्फ उठाया। जडेजा ने कहा, ‘‘एक गेंदबाज के रूप में आज मैंने गेंदबाजी करने का लुत्फ उठाया। गेंद सूखी थी इसलिए मैंने सूखी गेंद से गेंदबाजी का लुत्फ उठाया। कुछ गेंद टर्न कर रही थी और कुछ सीधी जा रही थी जिससे बल्लेबाजों को मुश्किल हो रही थी।’’
अश्विन के साथ गेंदबाजी करने पर जडेजा ने कहा, ‘‘मैं उनके साथ गेंदबाजी करने का लुत्फ उठाता हूं, मैं 10 साल से उनके साथ खेल रहा हूं। वह सफेद गेंद से शानदार प्रदर्शन कर रहा है। आईपीएल में भी उसने ऐसा किया।’’
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने कहा कि उन्होंने मैचों के बीच कम समय के कारण इस अनुभव का लुत्फ नहीं उठाया लेकिन स्वदेश लौटने पर वे महसूस कर पाएंगे कि उन्होंने कितना शानदार काम किया।
इरासमस ने कहा, ‘‘मैचों के बीच तेजी से उतार चढ़ाव देखने को मिला जिससे हम इस अनुभव का लुत्फ नहीं उठा पाए। स्वदेश लौटने पर हम महसूस कर पाएंगे कि हमने शानदार क्रिकेट खेला। व्यक्तिगत खिलाड़ी और टीम के रूप में हमारे पास काफी सकारात्मक पक्ष हैं और हमारे लिए ये अनुभव शानदार रहा। अगर हम अगले चरण पर जाना चाहते हैं तो यह हमारे लिए अच्छी बुनियाद है।’’
इरासमस ने कहा कि वे अगले साल आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर उत्सुक हैं। नामीबिया को सुपर 12 चरण में जगह बनाने के कारण सीधे पहले दौर में क्वालीफायर खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘(अगले साल विश्व कप में खेलना) यह एक और शानदार चीज है जिसे लेकर हम उत्सुक हैं। हम संभवत: नामीबिया में क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करेंगे।’’
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.