हर शख्स का सपना होता है कि वह खुद का घर बनते/खरीदे हुए देखे, ताकि वह अपने सपनों के घर में परिवार के साथ सुकून से रह सके. हरियाणा की सैनी सरकार इस सपने को पूरा करने जा रही है. दरअसल, सरकार कम आय वाले लोगों को घर बनाने में मदद करने के लिए 100 वर्ग गज जमीन उपलब्ध कराने की योजना का खाका तैयार कर रही है.
मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, हरियाणा में दो लाख लोगों का अपना घर होने का सपना जल्द ही साकार होने वाला है. इस संबंध में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार योजना का खाका तैयार कर रही है. इस पहल के तहत, बिना जमीन वाले पात्र आवेदकों को गांवों में 100 वर्ग गज के भूखंड मिलेंगे.
दो लाख लोगों को मिलेगा 100 वर्ग गज का प्लॉट
हरियाणा सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत राज्य में पांच लाख व्यक्तियों ने भूखंड के लिए आवेदन किया है. सभी पात्र लाभार्थियों को अलग-अलग चरणों में 100 वर्ग गज के भूखंड मिलेंगे. जिनमें से दो लाख व्यक्तियों को जल्द ही लाभ मिलने की उम्मीद है. इसमें कहा गया है कि ‘सभी के लिए आवास’ विभाग के महानिदेशक जे गणेशन ने आवश्यक दिशानिर्देश देने के लिए विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की.
कौन लोग उठा सकेंगे योजना का लाभ?
गणेशन ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना का उद्देश्य राज्य में कम आय वाले उन परिवारों को भूखंड उपलब्ध कराना है, जिनके पास अपना घर नहीं है. इस योजना का उद्देश्य इन परिवारों को लाभ पहुंचाना है, ताकि वे अपना घर बना सकें. बयान में गणेशन के हवाले से कहा गया, योजना के सफल क्रियान्वयन से गरीब परिवारों के जीवनस्तर में सुधार आएगा. जिससे वे अपने घरों में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे.
प्लॉट के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं…
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए, ताकि पात्र लोगों को इसका लाभ यथाशीघ्र मिल सके. पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए थे कि जिन क्षेत्रों में 100 वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे. वहां पक्की सड़कें, बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क और खुले हरे भरे स्थान जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Haryana की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.